
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक को लेकर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि सरकार नारी शक्ति से किया वादा पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली रुकावटों को दूर करेगी।
वीडियो साझा करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, “हमने अपनी ‘नारी शक्ति’ से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं…”
“हमारा हौसला बुलंद, इरादा अडिग”
वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की लड़ाई दशकों से चली आ रही है। उन्होंने कहा कि वे भी लंबे समय से इस दिशा में प्रयास करने वालों में शामिल रहे हैं और कई महिलाएं पत्रों तथा मुलाकातों के जरिए उनसे यह मुद्दा उठाती रही हैं।
पीएम मोदी ने कहा, “मैं जानता हूं, देश की 100 प्रतिशत नारी शक्ति का आशीर्वाद हमारे साथ है। मैं देश की हर नारी को विश्वास दिलाता हूं कि हम महिला आरक्षण के खिलाफ आने वाली हर रुकावट को खत्म करके रहेंगे।”
उन्होंने आगे कहा, “हमारा हौसला बुलंद है, हमारी हिम्मत अटूट है और हमारा इरादा अडिग है।” प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने से उन्हें रोक नहीं पाएंगी।
संसद में विधेयक पेश करने की तैयारी
मोदी सरकार संसद में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक लाने की तैयारी कर रही है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, विधेयक 30 नवंबर को लोकसभा में पेश किया जाना है। सरकार का कहना है कि महिला आरक्षण को लागू करने के लिए वह प्रतिबद्ध है।
यह भी पढ़े : दीपथून पर आज कार्तिगई दीपम, तिरुप्परनकुंड्रम पहाड़ी पर CRPF तैनात



