उत्तर प्रदेश

Varanasi : संत रविदास की 650वीं जयंती पर सीर गोवर्धन में होगा भव्य आयोजन

सीर गोवर्धन में होने वाले भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां तेज, कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारियां

Lucknow Desk : वाराणसी में संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धन में 29 जुलाई को भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर समरसता संकल्प सभा और दीपोत्सव का आयोजन होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासन और आयोजकों की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सर्किट हाउस में विभिन्न मोर्चों और व्यवस्था समितियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, राज्यसभा सांसद शिवेश कुमार और भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

राज्यमंत्री असीम अरुण ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर 29 जुलाई को देशभर के रविदास मंदिरों में सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। इसके साथ ही मंदिरों में सामूहिक आरती, गुरुवाणी पाठ, भजन संध्या और समरसता संकल्प जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन को सफल बनाने के लिए बेहतर योजना और सही तरीके से कार्य करना जरूरी होता है। उन्होंने 27 जुलाई को होने वाले माटी पूजन, 28 जुलाई को कलश पूजन और शोभायात्रा तथा 29 जुलाई को होने वाली समरसता संकल्प सभा और दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की।

राज्यसभा सांसद शिवेश कुमार ने कहा कि संत रविदास महाराज सामाजिक समानता और भाईचारे के प्रतीक रहे हैं। उनकी जयंती के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में एकता और समरसता का संदेश पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी लोगों को मिलकर काम करना होगा।

भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि समरसता संकल्प सभा में करीब 25 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। सभी कार्यकर्ताओं से आपसी तालमेल बनाकर पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपील की गई है।

बैठक में 27 जुलाई से शुरू होने वाले कार्यक्रमों से लेकर 29 जुलाई के मुख्य आयोजन तक की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। इसमें श्रद्धालुओं की सुविधा, कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था, शोभायात्रा और अन्य तैयारियों को लेकर जिम्मेदारियां तय की गईं।

सीर गोवर्धन स्थित संत रविदास महाराज की जन्मस्थली पर होने वाला मुख्य कार्यक्रम देशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का प्रमुख केंद्र रहेगा। आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन के जरिए संत रविदास के विचारों और उनके सामाजिक समरसता के संदेश को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button