उत्तर प्रदेश

काशी से गूंजेगा समरसता का संदेश, गुरु रविदास जयंती पर भाजपा का राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू

131 कलशों के साथ शोभायात्रा, माटी पूजन और 11 हजार दीपों के दीपोत्सव से शुरू होगा गुरु रविदास प्रकाश पर्व अभियान

Lucknow Desk : संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 29 जुलाई से देशव्यापी श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’** की शुरुआत करने जा रही है। इस अभियान का शुभारंभ गुरु पूर्णिमा के दिन वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित गुरु रविदास जन्मस्थली से होगा। अभियान 20 फरवरी 2027, माघ पूर्णिमा और गुरु रविदास जयंती तक देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ चलेगा।

इस अभियान की जानकारी सोमवार को वाराणसी के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा अनुसूचित वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने दी। उन्होंने बताया कि शुभारंभ कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डेरा सच्चखंड बल्ला के प्रमुख संत गुरु निरंजन दास महाराज विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।

लाल सिंह आर्य ने कहा कि गुरु रविदास महाराज केवल किसी एक समाज के संत नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए समानता, सेवा और भाईचारे का संदेश देने वाले महापुरुष हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास के विचारों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है।

28 जुलाई को निकलेगी 131 कलशों की शोभायात्रा

कार्यक्रम के तहत 28 जुलाई को सीर गोवर्धनपुर स्थित गुरु रविदास जन्मस्थली पर माटी पूजन किया जाएगा। इसके बाद 131 कलशों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। देश के अलग-अलग राज्यों और उत्तर प्रदेश के सभी जिलों से आए प्रतिनिधि इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इन कलशों में पवित्र मिट्टी रखी जाएगी, जिसका पूजन कर उन्हें विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों को सौंपा जाएगा।

29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के दिन संत-महात्माओं और अतिथियों की मौजूदगी में अभियान का औपचारिक शुभारंभ होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य अतिथि गुरु रविदास जन्मस्थली मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे।

पांच चरणों में चलेगा अभियान

भाजपा ने इस अभियान को पांच चरणों में आयोजित करने की योजना बनाई है। 29 जुलाई से 10 सितंबर तक कलश वंदन अभियान, 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान, 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक समरसता यात्रा, 26 नवंबर से 15 जनवरी तक छात्रावास संपर्क अभियान और इसके बाद विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

समरसता यात्रा जालंधर से शुरू होकर वाराणसी तक पहुंचेगी। यह यात्रा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से होकर गुजरेगी।

रविदास घाट पर होगा दीपोत्सव

उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने बताया कि अभियान के तहत 29 जुलाई को रविदास घाट पर 11 हजार दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया जाएगा। इसके अलावा देशभर के गुरु रविदास मंदिरों और भाजपा के मंडल स्तर पर भी दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय और समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का प्रयास है। गुरु पूर्णिमा से लेकर माघ पूर्णिमा तक देशभर में रविदास मंदिरों, छात्रावासों और गांवों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रेस वार्ता के दौरान काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, विधायक टी. राम, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, मीडिया सह प्रभारी संतोष सोलापुरकर सहित भाजपा के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button