रक्षाबंधन पर महिलाओं को फ्री बस यात्रा का तोहफा, बाढ़ और जलभराव को लेकर सीएम योगी सख्त
27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक महिला यात्री एक सहयोगी के साथ कर सकेंगी मुफ्त यात्रा

Lucknow Desk : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के मौके पर प्रदेश की माताओं, बेटियों और बहनों को बड़ी सुविधा देने का ऐलान किया है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक महिला यात्री एक सहयोगी के साथ मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहार के दौरान महिलाओं को सुरक्षित और आसानी से उनके घर तक पहुंचाने के लिए परिवहन, पुलिस और प्रशासन मिलकर बेहतर व्यवस्था करें।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को वरिष्ठ अधिकारियों और जिलों में तैनात अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने रक्षाबंधन की तैयारियों के साथ जलभराव, बाढ़, चीनी की उपलब्धता और स्कूलों की व्यवस्थाओं पर भी जरूरी निर्देश दिए।
रक्षाबंधन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बस चालकों की जांच और निगरानी बढ़ाने को कहा। उन्होंने साफ निर्देश दिया कि नशे में पाए जाने वाले किसी भी चालक को बस चलाने की अनुमति न दी जाए। निजी बस, ऑटो और टैक्सी चालकों का भी सत्यापन कराया जाए। महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वाड को सक्रिय रखने और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए गए।
बारिश के कारण कई जिलों में जलभराव की स्थिति पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को फील्ड में जाकर समस्याओं का समाधान कराने को कहा। उन्होंने लो-लैंड इलाकों में जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पम्पिंग स्टेशन लगाने और जाम नालों की तुरंत सफाई कराने के निर्देश दिए। नालों पर हुए अतिक्रमण को हटाने तथा प्रदेश के सभी 762 नगर निकायों की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने को भी कहा गया।
बाढ़ प्रभावित 19 जिलों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राहत हर प्रभावित परिवार तक समय से पहुंचनी चाहिए। जरूरत के अनुसार पका भोजन और सूखा राशन उपलब्ध कराया जाए। नदी कटान वाले इलाकों में पहले से तैयारी करने और संवेदनशील स्थानों पर जरूरी कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए।
चीनी की उपलब्धता पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त स्टॉक है और करीब छह महीने की जरूरत के अनुसार चीनी उपलब्ध है। उन्होंने कालाबाजारी, जमाखोरी और कृत्रिम कमी पैदा करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
स्कूलों की व्यवस्था पर भी मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने को कहा। मिड-डे मील, शौचालय, कक्षाओं और बाल वाटिकाओं की स्थिति की जांच कर बच्चों को बेहतर सुविधाएं और अच्छा पढ़ाई का माहौल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही भ्रामक वीडियो के जरिए माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया।



