Gonda : विनोद साहनी हत्याकांड को लेकर आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन, इंसाफ और सुरक्षा की उठी मांग
जिलाध्यक्ष दिनेश बावरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सौंपा ज्ञापन, चंद्रशेखर आजाद को बाराबंकी में रोके जाने की भी निष्पक्ष जांच की मांग

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश के गोंडा जनपद में विनोद साहनी की हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं नें जिला अध्यक्ष दिनेश बावरा के नेतृत्व में रविवार को आपातकालीन प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को रोके जाने पर सरकार का विरोध जताया और कहा कि यह सरकार दलित और पिछड़ों की विरोधी सरकार है जब साहनी को इंसाफ नहीं मिल रहा था तब हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने गोंडा जाने का ऐलान किया तो उन्हें बाराबंकी में रोक लिया गया हम मांग करते हैं कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और दबंगों से रक्षा करने के लिए शस्त्र उपलब्ध कराए जाएं।
आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष दिनेश बावरा ने मीडिया से बात करते हुए मांग की विनोद साहनी हत्याकांड की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, हत्या में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही मृतक के परिवार को पर्याप्त आर्थिक सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।
पार्टी ने नगीना सांसद एवं आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद को बाराबंकी में पुलिस प्रशासन द्वारा रोके जाने तथा उनके साथ कथित रूप से अनुचित एवं प्रोटोकॉल के विपरीत व्यवहार किए जाने का भी विरोध किया। जिलाध्यक्ष नें इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि किसी निर्वाचित सांसद अथवा जनप्रतिनिधि के साथ संवैधानिक मर्यादाओं के विपरीत व्यवहार नहीं होना चाहिए। साथ ही पीड़ित परिवार और मामले में आवाज उठाने वाले लोगों के उत्पीड़न पर रोक लगाने तथा पूरे प्रकरण की उच्च स्तर से निगरानी कर जांच की पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में कानून व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई।



