2027 से पहले बीजेपी का बड़ा दांव, पूर्व बसपा सांसद अरविंद कुमार चौधरी ने थामा कमल
अरविंद कुमार चौधरी की बीजेपी में शामिल होने के बाद उनके चुनाव लड़ने को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पार्टी उन्हें बस्ती जिले की कप्तानगंज विधानसभा सीट से उम्मीदवार बना सकती है।

Lucknow Desk : यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी ने पूर्वांचल में बड़ा सियासी दांव चल दिया है। बस्ती की राजनीति में मजबूत पकड़ रखने वाले पूर्व बसपा सांसद अरविंद कुमार चौधरी ने अब भगवा चोला ओढ़ लिया है। लखनऊ में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। उनके इस कदम को कुर्मी वोट बैंक पर बीजेपी की नजर और सपा के सियासी समीकरण बिगाड़ने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। अब चर्चा है कि बीजेपी उन्हें कप्तानगंज विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतार सकती है।
कुर्मी वोट बैंक पर बीजेपी की नजर
अरविंद कुमार चौधरी की बीजेपी में एंट्री को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से अहम माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, इस फैसले के पीछे बीजेपी की नजर अयोध्या, देवीपाटन और गोरखपुर मंडल के कुर्मी मतदाताओं पर है।
पूर्वांचल की राजनीति में कुर्मी वोट बैंक की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। समाजवादी पार्टी को भी इस वर्ग का अच्छा समर्थन मिलता रहा है। ऐसे में अरविंद कुमार चौधरी को पार्टी में शामिल कर बीजेपी कुर्मी समाज के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर सकती है। इसे सपा के मजबूत वोट बैंक में सेंध लगाने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।
अरविंद कुमार चौधरी की बीजेपी में शामिल होने के बाद उनके चुनाव लड़ने को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पार्टी उन्हें बस्ती जिले की कप्तानगंज विधानसभा सीट से उम्मीदवार बना सकती है। हालांकि, अभी तक बीजेपी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
अगर पार्टी उन्हें कप्तानगंज से मैदान में उतारती है तो आगामी चुनाव में इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प हो सकता है। खासतौर पर कुर्मी मतदाताओं के समीकरण को देखते हुए सपा के सामने नई चुनौती खड़ी हो सकती है।
समर्थकों के बड़े काफिले के साथ पहुंचे लखनऊ
बताया जा रहा है कि अरविंद कुमार चौधरी बुधवार सुबह बस्ती से अपने समर्थकों के बड़े काफिले के साथ लखनऊ पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने बीजेपी की सदस्यता ली। अरविंद कुमार चौधरी 2009 से 2014 तक बस्ती लोकसभा सीट से सांसद रह चुके हैं।
राजनीतिक रूप से उनका एक और अहम परिचय है। वह बस्ती के मौजूदा सपा सांसद राम प्रसाद चौधरी के भतीजे हैं। ऐसे में उनका बीजेपी में शामिल होना जिले की राजनीति के साथ-साथ पूर्वांचल के सियासी समीकरणों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



