उत्तर प्रदेश

बेटे को जेल भेजा तो थाने पहुंच गए रिटायर्ड BDO पिता, पुलिस को दी धमकी

मामला लखनऊ के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र का है। दिवाली के दिन एक पेट्रोल पंप पर कुछ युवकों ने करीब 4 हजार रुपये का पेट्रोल भरवाया और बिना पैसे दिए गाड़ी लेकर फरार हो गए।

Lucknow Desk : लखनऊ में बेटे की गिरफ्तारी से नाराज एक रिटायर्ड अधिकारी का पुलिस थाने में रौब दिखाना भारी पड़ गया। बेटे को जेल भेजे जाने से गुस्साए रिटायर्ड BDO पिता देर रात गोसाईंगंज थाने पहुंच गए। आरोप है कि यहां उन्होंने पुलिसकर्मियों को देख लेने की धमकी दी। लेकिन इस दौरान उनकी कार पर लगा हाईकोर्ट अधिवक्ता का स्टीकर पुलिस की नजर में आ गया। जांच में पता चला कि कार मालिक खुद वकील नहीं हैं। अब पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

बेटे की गिरफ्तारी से भड़के पिता, रात 11:30 बजे पहुंचे थाना
मामला लखनऊ के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र का है। दिवाली के दिन एक पेट्रोल पंप पर कुछ युवकों ने करीब 4 हजार रुपये का पेट्रोल भरवाया और बिना पैसे दिए गाड़ी लेकर फरार हो गए। इस दौरान पेट्रोल पंप के एक कर्मचारी को भी कुछ दूर तक घसीटने का आरोप है।

इस मामले में पुलिस ने 12 नवंबर को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें पीजीआई की वृंदावन कॉलोनी निवासी दिव्यांश श्रीवास्तव भी शामिल था। कोर्ट में पेशी के बाद दिव्यांश को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने इसकी जानकारी उसके पिता कमला प्रसाद श्रीवास्तव को दी।

पुलिस को धमकी देना पड़ा भारी
बेटे के जेल जाने की खबर मिलते ही रिटायर्ड BDO कमला प्रसाद श्रीवास्तव नाराज हो गए। आरोप है कि वह रात करीब साढ़े 11 बजे गोसाईंगंज थाने पहुंच गए और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से बहस करने लगे। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को देख लेने की धमकी भी दी।

कार पर लगा था हाईकोर्ट वकील का फर्जी स्टीकर
थाने में हंगामे के दौरान पुलिस की नजर उनकी कार के आगे वाले शीशे पर लगे हाईकोर्ट अधिवक्ता के स्टीकर पर पड़ी। जांच में सामने आया कि कमला प्रसाद श्रीवास्तव अधिवक्ता नहीं, बल्कि रिटायर्ड BDO हैं।

एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव के मुताबिक, अधिवक्ता नहीं होने के बावजूद कार पर हाईकोर्ट वकील का स्टीकर लगाकर पुलिस और आम लोगों पर अनुचित प्रभाव डालने की कोशिश की जा रही थी।

गंगागंज चौकी प्रभारी सौरभ पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने कमला प्रसाद श्रीवास्तव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button