उत्तर प्रदेश

UP Politics: अखिलेश यादव का ओवैसी-चंद्रशेखर पर बड़ा हमला, बोले- ‘सियासत के सैलानियों’ की डोर बीजेपी के हाथ में

अखिलेश यादव ने ये सियासी हमला ऐसे समय में किया है जब असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने हाल में 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाकर राजनीतिक गतिविधियां तेज की हैं.

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अब असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद को निशाने पर लिया है। दोनों नेताओं का नाम लिए बिना अखिलेश ने उन्हें ‘सियासत का सैलानी’ बताया और आरोप लगाया कि इनकी राजनीति की डोर कहीं और से खींची जा रही है। उन्होंने इशारों-इशारों में बीजेपी पर भी हमला बोला। अखिलेश के इस बयान से यूपी की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो सकता है।

‘सियासत के सैलानियों’ पर अखिलेश का तंज

आगरा में आयोजित पीडीए-दलित सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के हालिया चुनावों में हारने के बाद कई नए सियासी सैलानी सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने कहा कि जैसे ही चुनाव नजदीक आते हैं, कुछ नेता अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर देते हैं।

अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि इन नेताओं का ओटीपी कहीं और से आ रहा है और वे किसी दूसरे के माइक का लाउडस्पीकर बन गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इनकी डोर और चरखी किसी दूसरे के हाथ में है। इन्हें जितनी ढील मिलेगी, ये उतना ही आगे बढ़ेंगे।

ओवैसी और चंद्रशेखर पर क्यों बरसे सपा प्रमुख?

दरअसल, असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने हाल में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाकर अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाई है। अखिलेश का हमला इसी राजनीतिक हलचल से जोड़कर देखा जा रहा है।

पीडीए की लड़ाई में अखिलेश ने दिया नया नारा

अखिलेश यादव ने कहा कि कुछ नए नेता पीडीए की परिभाषा समझाने में लगे हैं, जबकि वे खुद इसकी सोच को नहीं समझ पाए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इस बार आगरा के लोग भी पलट देंगे, क्योंकि ‘ए’ से आगरा भी होता है।

बता दें कि सपा के पीडीए का मतलब पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक है। अखिलेश यादव की रणनीति इसी सामाजिक समीकरण को मजबूत करने की है। ऐसे में ओवैसी और चंद्रशेखर पर उनका हमला यूपी में आने वाले चुनावों से पहले विपक्षी खेमे की सियासी खींचतान को भी दिखाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button