अक्षरा सिंह के छठ पूजा करने पर उठे सवाल, शादी को लेकर ट्रोल करने वालों को एक्ट्रेस ने दिया करारा जवाब
अक्षरा सिंह ने अपनी पोस्ट में उन लोगों पर नाराजगी जाहिर की, जो उनकी पूजा से ज्यादा उनकी शादी को लेकर सवाल कर रहे हैं। उन्होंने लिखा कि उन्होंने छठी मैया को अर्घ्य दिया, लेकिन कुछ लोगों को उनकी पूजा से ज्यादा इस बात की चिंता होने लगी कि उनकी शादी क्यों नहीं हुई है।

Lucknow Desk : भोजपुरी फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री और ‘बिग बॉस ओटीटी’ फेम अक्षरा सिंह छठ महापर्व को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने इस साल भी पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ छठ पूजा की और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। एक्ट्रेस ने पटना में छठ मनाते हुए कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए। लेकिन उनकी पूजा के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके अविवाहित होने को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए। कुछ लोगों ने तो उनकी भक्ति को दिखावा तक बता दिया।
अब अक्षरा सिंह ने ऐसे लोगों को साफ शब्दों में जवाब दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर कहा कि किसी की आस्था का फैसला उसके शादीशुदा या अविवाहित होने के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए।
‘कुंवारा लड़का छठ कर सकता है तो लड़की क्यों नहीं?’
अक्षरा सिंह ने अपनी पोस्ट में उन लोगों पर नाराजगी जाहिर की, जो उनकी पूजा से ज्यादा उनकी शादी को लेकर सवाल कर रहे हैं। उन्होंने लिखा कि उन्होंने छठी मैया को अर्घ्य दिया, लेकिन कुछ लोगों को उनकी पूजा से ज्यादा इस बात की चिंता होने लगी कि उनकी शादी क्यों नहीं हुई है।
एक्ट्रेस ने सवाल उठाया कि अगर कोई अविवाहित लड़का छठ पूजा कर सकता है, तो किसी कुंवारी लड़की को यह व्रत करने से क्यों रोका जाता है? उन्होंने कहा कि अगर किसी के पास इसका कोई सही तर्क है तो वह उन्हें जरूर बताए।
अक्षरा ने आगे कहा कि किसी को भी उनकी धार्मिक आस्था पर सवाल उठाने या उस पर फैसला सुनाने का अधिकार नहीं है। पूजा करना उनका निजी विश्वास है और इसे लेकर किसी दूसरे को टिप्पणी करने की जरूरत नहीं है।
छठ जैसे पवित्र पर्व पर आस्था को बनाया जा रहा बहस का मुद्दा
अक्षरा सिंह ने अपनी पोस्ट में दुख जताते हुए कहा कि छठ जैसे पवित्र त्योहार पर भी लोगों की आस्था को बहस का विषय बना दिया जाता है। उन्होंने ट्रोल करने वालों से पूछा कि आखिर उन्हें किसी की पूजा और विश्वास पर सवाल उठाने का अधिकार किसने दिया है।
अपनी बात के अंत में उन्होंने ‘जय छठी मैया’ लिखकर पोस्ट खत्म की। एक्ट्रेस का यह जवाब सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है।
2024 में पहली बार किया था छठ व्रत
अक्षरा सिंह पिछले कुछ सालों से छठ महापर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मना रही हैं। उन्होंने पहली बार 2024 में छठ पूजा की थी। इसके बाद से वह हर साल इस पर्व में शामिल होती हैं।
इस बार भी उन्होंने छठ पूजा के अलग-अलग दिनों की तस्वीरें और वीडियो साझा किए। उन्होंने अपने हाथों से ठेकुआ बनाया और छठी मैया की पूजा की। पटना में परिवार और लोगों के साथ त्योहार मनाने की खुशी भी उन्होंने सोशल मीडिया पर जाहिर की।
ठेकुआ बनाने से लेकर सूर्य को अर्घ्य देने तक शेयर की झलकियां
छठ पूजा संपन्न होने के बाद अक्षरा सिंह ने उगते सूर्य को अर्घ्य देने की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने लिखा कि अपने पटना में सभी के साथ छठ मनाने का अनुभव उनके लिए हर साल खास रहता है।
एक्ट्रेस ने आयोजन में सहयोग करने वाले लोगों का आभार भी जताया। इसके अलावा उन्होंने अपने हाथों से बनाए ठेकुए की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘अपने हाथों से बना ठेकुआ और मन में छठी मइया का नाम। यही तो हमारे महापर्व की असली मिठास है। जय छठी मइया!’



