यूपी में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का दावा, सीएम योगी बोले- इस बार बनेगा नया रिकॉर्ड
योगी आदित्यनाथ ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि वह प्रदेश के ऐसे पहले मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने लगातार पांच साल सरकार चलाने के बाद दोबारा चुनाव जीता और फिर पांच साल तक मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली।

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि प्रदेश में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इस बार सिर्फ जीत की हैट्रिक नहीं लगाएगी, बल्कि एक नया राजनीतिक रिकॉर्ड भी कायम करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर भाजपा जनता के बीच जाएगी और एक बार फिर लोगों का समर्थन हासिल करेगी।
एक निजी चैनल के ‘राइजिंग भारत समिट’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्हें भरोसा है कि पार्टी उत्तर प्रदेश में पहले से भी बड़े बहुमत के साथ सरकार बनाने में सफल होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले वर्षों के दौरान हुए बदलाव और बेहतर कानून व्यवस्था को देखते हुए जनता भाजपा को दोबारा मौका देगी।
योगी आदित्यनाथ ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि वह प्रदेश के ऐसे पहले मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने लगातार पांच साल सरकार चलाने के बाद दोबारा चुनाव जीता और फिर पांच साल तक मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले भी कई राजनीतिक रिकॉर्ड बना चुकी है और आने वाले चुनाव में भी नया इतिहास रचेगी।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की सरकारों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी परिवार के आधार पर नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, विचारधारा और सिद्धांतों के आधार पर आगे बढ़ने वाली पार्टी है। योगी ने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा और सुशासन का माहौल बनाने में पार्टी के कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही है। भाजपा का लक्ष्य सभी को सुरक्षित माहौल देना और उत्तर प्रदेश को भयमुक्त बनाना है।



