उत्तर प्रदेश
Trending

'वकीलों का आपराधिक रिकॉर्ड चिंता की बात', यूपी में अधिवक्ताओं पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- आरोपों की होगी जांच

'Criminal records of lawyers are a cause for concern- High Court

प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने वकीलों के आपराधिक रिकॉर्ड और संपत्तियों पर कथित अवैध कब्जे को लेकर चिंता जताई है। जिला अदालत परिसर में वादकारी और दिल्ली से आए उनके वकीलों के साथ मारपीट के मामले में पुलिस की खुफिया रिपोर्ट पर सुनवाई करते हुए अदालत ने कहा कि सामने आए तथ्य बेहद दुखद तस्वीर पेश करते हैं।

न्यायमूर्ति राजन राय और न्यायमूर्ति मंजीव शुक्ल की खंडपीठ ने स्वतः संज्ञान से दर्ज जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान मामले में शामिल तीन अधिवक्ताओं—सौरभ कुमार वर्मा, हर्षित पांडेय उर्फ यश और अभय प्रताप वर्मा—से शपथपत्र के साथ आयकर रिटर्न, चल-अचल संपत्ति, कारोबार तथा पिछले पांच साल में संपत्तियों की खरीद-बिक्री का ब्योरा मांगा है। तीनों के जेल में होने के कारण अदालत ने जेल प्रशासन को उनके वकीलों से मुलाकात कराने का निर्देश दिया, ताकि दस्तावेज और शपथपत्र दाखिल किए जा सकें।

225 वकीलों की सूची पेश

सुनवाई के दौरान सरकार ने आपराधिक इतिहास वाले 225 अधिवक्ताओं की सूची अदालत के सामने रखी। अदालत ने कहा कि सूची में छोटे मामलों से जुड़े नाम भी हैं, जबकि उसे गंभीर अपराधों और संपत्ति पर अवैध कब्जे के मामलों में शामिल लोगों की जानकारी चाहिए। सरकार ने बताया कि 13 अधिवक्ताओं का लंबा आपराधिक इतिहास है और 82 अधिवक्ताओं के जमीन तथा संपत्ति कब्जाने के मामलों में शामिल होने की जानकारी मिली है। हाईकोर्ट ने इन दोनों श्रेणियों की अलग-अलग सूची पेश करने का आदेश दिया।

ऐशबाग मामले में 13 आरोपी गिरफ्तार

अदालत ने ऐशबाग के विवादित परिसर पर जबरन कब्जे के मामले सहित 34 प्रकरणों पर भी विचार किया। सरकार के अनुसार, ऐशबाग मामले के 19 आरोपियों में से 13 गिरफ्तार किए जा चुके हैं और छह को जमानत मिल चुकी है। फरार छह आरोपियों के खिलाफ उद्घोषणा और कुर्की की कार्रवाई के लिए निचली अदालत में अर्जी दी गई है। हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि अग्रिम जमानत की अर्जी लंबित रहने से उद्घोषणा और कुर्की की कार्रवाई नहीं रुकती। अदालत ने लखनऊ के जिला जज से रिपोर्ट भी मांगी है।

2010 से अपराधों का ब्योरा मांगा

वकीलों की वेशभूषा में उत्पात करने वाले लोगों से जुड़े मामलों में अदालत ने लखनऊ के पुलिस कमिश्नर समेत अन्य अधिकारियों से वर्ष 2010 से अब तक की आपराधिक घटनाओं और जांच का विवरण मांगा है। पहले गठित पुलिस सेल ने वर्ष 2020 से आंकड़े जुटाए थे। हाईकोर्ट ने पूछा कि जांच के लिए 2020 को ही शुरुआती वर्ष क्यों चुना गया और कहा कि कोई बाधा न हो तो जांच का दायरा 2010 तक बढ़ाया जाए। इस मामले की अगली सुनवाई 27 नवंबर को होगी।

यह भी पढ़े : बिहार में उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी को झटका! 4 में से 3 विधायक बने बागी, केवल पत्नी बची हैं एकमात्र MLA

Seema Pal

Content Writer | Digital Journalist | News & Media Professional A passionate and dedicated Content Writer with 6 years of professional experience in journalism, digital media, and content creation, including 2 years of experience with Dainik Bhaskar.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button