बिहार

‘संसद में 33% आरक्षण में मुस्लिम महिलाओं को मिलेगा हक?’, मुकेश सहनी ने केंद्र से पूछा सवाल

Will Muslim women get their due under 33% reservation in Parliament? Mukesh Sahani

बिहार। विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का समर्थन करती है, लेकिन इसके नाम पर बहुजन समाज के राजनीतिक अधिकारों को कमजोर नहीं किया जाना चाहिए।

मुकेश सहनी ने मांग की कि महिला आरक्षण मौजूदा लोकसभा और विधानसभा सीटों पर ही लागू किया जाए। उनके मुताबिक, इसके लिए परिसीमन या सीटों की संख्या बढ़ाने की शर्त नहीं होनी चाहिए।

मौजूदा सीटों पर लागू हो आरक्षण

मुकेश सहनी ने सवाल उठाया कि अगर सरकार महिलाओं को आरक्षण देना चाहती है, तो इसे मौजूदा सीटों पर लागू करने में क्या कठिनाई है। उन्होंने लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने और विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी के प्रस्तावों पर सरकार से स्पष्ट रुख अपनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सीटों की संख्या बढ़ाने और परिसीमन का मुद्दा केवल प्रशासनिक बदलाव नहीं है, बल्कि इसका संबंध राजनीतिक प्रतिनिधित्व के संतुलन से भी है।

बिहार की जातीय गणना का दिया हवाला

वीआईपी प्रमुख ने बिहार की जाति आधारित गणना का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में पिछड़ा और अतिपिछड़ा वर्ग मिलाकर करीब 63.14 प्रतिशत आबादी है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी आबादी के राजनीतिक अधिकारों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।सहनी ने आशंका जताई कि परिसीमन की प्रक्रिया से बहुजन समाज की राजनीतिक आवाज कमजोर हो सकती है। उन्होंने केंद्र से इस प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी रखने की मांग की।

ओबीसी महिलाओं के लिए सब-कोटा की मांग

मुकेश सहनी ने महिला आरक्षण में ओबीसी और मुस्लिम महिलाओं के लिए अलग सब-कोटा नहीं होने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि 2023 में पारित 106वें संविधान संशोधन के तहत महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण का प्रावधान किया गया है, लेकिन ओबीसी महिलाओं के लिए अलग व्यवस्था नहीं है। उनके मुताबिक, पिछड़ी और अतिपिछड़ी वर्ग की महिलाओं को भी आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने वंचित वर्गों की महिलाओं के लिए उचित संवैधानिक प्रावधान करने की मांग की।

पारदर्शी परिसीमन की मांग

मुकेश सहनी ने कहा कि परिसीमन आयोग की प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए। निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करते समय सामाजिक संरचना और राजनीतिक प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से मौजूदा सीटों पर 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने और वंचित वर्गों की महिलाओं के लिए अलग प्रावधान करने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि बहुजन समाज के राजनीतिक अधिकारों को कमजोर करने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।

यह भी पढ़े : शादी से किया इनकार… घर में घुसकर युवती पर फेंक दिया तेजाब, मां को चाकू से किया घायल

Seema Pal

Content Writer | Digital Journalist | News & Media Professional A passionate and dedicated Content Writer with 6 years of professional experience in journalism, digital media, and content creation, including 2 years of experience with Dainik Bhaskar.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button