उत्तर प्रदेश

मुजफ्फरनगर में ‘लव जिहाद’ के शक में प्रेमी युगल से मारपीट

युवती की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपियों पर मारपीट और धमकी देने के आरोप; मामले की जांच जारी

Lucknow Desk :  जिला परिषद मार्केट में ‘लव जिहाद’ के शक में प्रेमी जोड़े के साथ हुई खुलेआम मारपीट के मामले में पुलिस ने आखिरकार देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित युवती की तहरीर के आधार पर 5 नामजद और 10-12 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में मारपीट के अलावा छेड़छाड़, अभद्रता, धमकी देने और रास्ता रोकने जैसे आरोप भी शामिल किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, पीड़ितों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है।

एफआईआर के अनुसार, शामली के थाना भवन क्षेत्र की रहने वाली युवती ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह 12 जुलाई की दोपहर अपने मित्र मोहम्मद महताब के साथ दवा खरीदने के लिए मुज़फ़्फ़रनगर आई थी। दवा लेने के बाद दोनों जिला परिषद मार्केट के पास एक दुकान पर छोले-भटूरे खा रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक उनके पास पहुंचे और दोनों से नाम और पता पूछने लगे। युवती का आरोप है कि उन लोगों ने अपने नाम गौरव शर्मा, कुशल वीर, शुभम, प्रशांत शर्मा और लोकेश सैनी बताए। इसके बाद उन्होंने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया।

युवती के मुताबिक, कुछ ही देर में 10-12 अन्य युवक भी वहां पहुंच गए और दोनों को चारों ओर से घेर लिया। आरोप है कि युवती को यह कहते हुए गालियां दी गईं कि वह हिंदू होकर एक मुस्लिम युवक के साथ क्यों घूम रही है। इसके बाद दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। युवती ने आरोप लगाया कि जब उसने विरोध किया तो उसके साथ अभद्रता की गई, छेड़छाड़ की गई और उसके बाल पकड़कर उसे नीचे गिरा दिया गया। इस दौरान उसके कपड़े भी अस्त-व्यस्त हो गए। आरोपियों ने दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी।

एफआईआर में यह भी कहा गया है कि घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सिविल लाइन थाने ले जाया गया। वहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया और पूरे मामले की जानकारी दर्ज की गई।

पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 126(2), 115(2), 74, 75(2), 75(3), 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इन धाराओं में गैरकानूनी तरीके से घेरने, हमला करने, मारपीट, महिला के साथ अभद्र व्यवहार, धमकी देने और अन्य संबंधित अपराधों के आरोप शामिल हैं।

मामले पर एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो, पीड़ितों एवं प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि नामजद आरोपियों के साथ-साथ वीडियो में दिखाई देने वाले अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। जांच में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि रविवार को जिला परिषद मार्केट में प्रेमी युगल को घेरकर बेरहमी से पीटे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर व्यापक चर्चा शुरू हो गई थी। अब पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद मामले की जांच तेज कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button