Chandauli : इंस्टाग्राम को लेकर लगाई फांसी, पिता की तहरीर पर पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का मुकदमा
पति-पत्नी के बीच मोबाइल पर इंस्टाग्राम चलाने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद रोशनी ने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी।

Lucknow Desk : चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र के कुछमन गांव में शनिवार देर रात एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतका की पहचान 32 वर्षीय रोशनी के रूप में हुई है। वह झांसी गांव निवासी कपिल देव प्रसाद की पुत्री थीं। करीब तीन वर्ष पहले उनकी शादी कुछमन गांव निवासी राहुल कुमार से हुई थी। दंपति का 11 माह का एक बेटा भी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच मोबाइल पर इंस्टाग्राम चलाने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद रोशनी ने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी।
मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।



