न चेहरा दिखा, न नाम पता था… पुलिस ने चाल देखकर खोज निकाला ATM तोड़ने वाला
ATM में चेहरा छिपाया, लेकिन चप्पलों ने खोल दी पोल, 300 मीटर दूर लगे CCTV से पकड़ा गया ATM तोड़ने वाला आरोपी

Lucknow Desk : अपराधी ने सोचा था कि एटीएम के अंदर लगे कैमरे में चेहरा नहीं आएगा तो पुलिस उस तक कभी नहीं पहुंच पाएगी। उसने ट्यूबलाइट तोड़ी, कैमरे की नजर से बचने की कोशिश की और लोहे के टायर लीवर से एटीएम तोड़कर कैश निकालने में जुट गया। लेकिन उसकी एक छोटी सी चूक ने पूरा खेल बिगाड़ दिया। पुलिस को न उसका चेहरा मिला और न ही कोई साफ पहचान, मगर 300 मीटर दूर लगे एक दूसरे CCTV कैमरे ने उसकी चाल और चप्पलों का ऐसा सुराग दिया कि पुलिस सीधे आरोपी तक पहुंच गई। हाथरस पुलिस ने इस अनोखे खुलासे के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एटीएम तोड़कर कैश निकालने की थी कोशिश
पूरा मामला हाथरस के मुरसान थाना क्षेत्र का है। हाथरस-मथुरा रोड पर रेलवे स्टेशन मुरसान के सामने इंडिया-1 का एटीएम लगा हुआ है। 30 और 31 अक्टूबर की दरमियानी रात एक अज्ञात व्यक्ति ने लोहे के टायर लीवर से एटीएम तोड़कर नकदी निकालने की कोशिश की थी। हालांकि, वह अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सका।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती आरोपी की पहचान करना था, क्योंकि एटीएम के अंदर लगे कैमरे में उसका चेहरा साफ नहीं आया था।
चेहरे से नहीं, चाल और चप्पलों से हुई पहचान
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में एसओजी और मुरसान पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। एटीएम के अंदर ट्यूबलाइट टूटने के कारण कैमरे में आरोपी का चेहरा कैद नहीं हो पाया था। ऐसे में पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर लगे कैमरे की फुटेज पुलिस के लिए अहम सुराग बन गई। इसमें संदिग्ध की चाल, उसके बाएं पैर पर पड़ने वाला दबाव और चौड़ी पट्टी वाली चप्पलें दिखाई दीं। पुलिस ने इन्हीं बारीकियों को आधार बनाकर आरोपी की तलाश तेज कर दी।
नेपाल में जला था पैर, इसी चोट से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस को सनी नाम के युवक के बारे में जानकारी मिली। बताया गया कि नेपाल में मिठाई बनाते समय उसके बाएं पैर में जलने की चोट लगी थी। पुलिस ने उसके चलने के तरीके और सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रही चाल का मिलान किया। चप्पलों और पैर की स्थिति भी पुलिस के शक को मजबूत करने वाले सुराग बने।
इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने एटीएम तोड़कर रुपये निकालने की कोशिश करने की बात स्वीकार कर ली।
नशे की लत पूरी करने के लिए तोड़ना चाहता था ATM
पुलिस ने आरोपी की पहचान सनी पुत्र लख्मीचंद निवासी किला मढ़ैया, मुरसान के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने नशे की लत पूरी करने के लिए एटीएम तोड़कर नकदी निकालने का प्रयास किया था।
उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का टायर लीवर भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया।



