उत्तर प्रदेशक्राइम

लखनऊ में भाजपा पार्षद ने चाबुक से युवक को पीटा, चार पर मुकदमा दर्ज

In Lucknow, a BJP councillor thrashed a youth with a whip

लखनऊ। आय प्रमाण पत्र बनवाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक को कथित तौर पर डंडे और चाबुक से पीटने के मामले में मड़ियांव पुलिस ने भाजपा पार्षद, उनके भाई और दो अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला सामने आया।

शिकायतकर्ता गीता बाजपेई के अनुसार, वह अपने पति विजय बाजपेई के साथ बुधवार को फैजुल्लागंज के दाउद नगर स्थित वार्ड चार के पार्षद कार्यालय में आय प्रमाण पत्र बनवाने गई थीं। गीता ने बताया कि वह पहले डालीगंज के लाहौरगंज में रहती थीं और अब विष्णु विहार कॉलोनी में परिवार के साथ रह रही हैं।

आरोप है कि पार्षद रामदास कनौजिया ने आधार कार्ड पर दर्ज पते का हवाला देते हुए आय प्रमाण पत्र बनवाने से मना कर दिया। वजह पूछने पर उन्होंने गीता से अभद्रता की और उन्हें धक्का दिया। शिकायत के मुताबिक, जब उनके पति विजय ने विरोध किया, तो पार्षद, उनके भाई और दो अन्य लोगों ने उन्हें घेरकर डंडे और चाबुक से पीटा। दंपती ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस में शिकायत करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।

मड़ियांव थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आलोक राव ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button