UP Politics: बीजेपी में अरविंद चौधरी की एंट्री से सपा को झटका या सिर्फ अफवाह? राम प्रसाद चौधरी बोले- ‘मेरा कोई भतीजा नहीं
बस्ती से सपा सांसद राम प्रसाद चौधरी ने अरविंद चौधरी को अपना भतीजा बताए जाने वाले दावे को सिरे से खारिज कर दिया।

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच सियासी मुकाबला तेज होता जा रहा है। बीजेपी ने पूर्व सांसद अरविंद चौधरी को पार्टी में शामिल कराकर बस्ती की राजनीति में हलचल मचा दी, लेकिन इस एंट्री के साथ एक ऐसा दावा भी सामने आया, जिसने सियासी गलियारों में चर्चा बढ़ा दी। कहा जाने लगा कि अरविंद चौधरी सपा सांसद राम प्रसाद चौधरी के भतीजे हैं और बीजेपी ने सपा के घर में ही सेंध लगा दी है। अब इस पूरे दावे पर खुद सपा सांसद ने ऐसा जवाब दिया है कि बीजेपी की इस कथित राजनीतिक बढ़त पर सवाल खड़े हो गए हैं।
‘मेरा कोई भतीजा नहीं’, राम प्रसाद चौधरी ने खोली पोल
बस्ती से सपा सांसद राम प्रसाद चौधरी ने अरविंद चौधरी को अपना भतीजा बताए जाने वाले दावे को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने साफ कहा, “मेरा कोई भतीजा नहीं है। मैं अपने माता-पिता का इकलौता बेटा हूं और मेरा बेटा भी इकलौता है।”
सांसद ने कहा कि उनके घर के आसपास रहने वाले किसी व्यक्ति को रिश्तेदार बताकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उनके इस बयान से बीजेपी में अरविंद चौधरी के शामिल होने को लेकर चल रही सियासी चर्चाओं को नया मोड़ मिल गया है।
ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन को बताया बीजेपी की B-Team
राम प्रसाद चौधरी ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के सामाजिक परिवर्तन मोर्चे पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने इसे बीजेपी की बी-टीम बताते हुए आरोप लगाया कि यह गठबंधन बीजेपी के इशारे पर बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि अगर इन दलों को INDIA गठबंधन में शामिल होना था तो 2024 के चुनाव से पहले आना चाहिए था। अब चुनाव के समय इस तरह के गठबंधन बनाना केवल राजनीतिक स्टंट है।
बस्ती में सपा की जीत का किया दावा
सपा सांसद ने दावा किया कि नए राजनीतिक मोर्चे का चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि बस्ती में समाजवादी पार्टी पहले भी जीती है और इस बार भी जीत सपा की ही होगी।



