‘जब तक आप सोकर उठेंगे, चाचा शिवपाल खेल करके लौट जाएंगे’, अखिलेश यादव को ओम प्रकाश राजभर की खुली चुनौती
राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा कि जो सोता है, वह खोता है और जो जागता है, वह पाता है।

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश की सियासत में चाचा-भतीजे की लड़ाई को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस बार समाजवादी पार्टी के अंदरूनी समीकरणों पर योगी सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने ऐसा तंज कसा है, जिससे राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। राजभर ने अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि जब तक वह सोकर उठेंगे, तब तक उनके चाचा शिवपाल यादव अपना राजनीतिक खेल करके लौट आएंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने शिवपाल यादव और आजम खान की मुलाकात को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए। राजभर ने तो सपा को डूबता हुआ टाइटेनिक जहाज तक बता दिया।
शिवपाल-आजम की मुलाकात पर राजभर ने उठाए सवाल
दरअसल, सपा महासचिव शिवपाल यादव हाल ही में गाजियाबाद की डासना जेल पहुंचे थे। यहां उन्होंने जेल में बंद आजम खान से मुलाकात की। मुलाकात के बाद शिवपाल ने जेल प्रशासन पर आजम खान को परेशान करने का आरोप लगाया था। अखिलेश यादव ने भी आजम खान की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी।
लेकिन इस मुलाकात को लेकर ओम प्रकाश राजभर ने अलग ही सियासी कहानी पेश करने की कोशिश की। उन्होंने सवाल किया कि क्या शिवपाल यादव आजम खान से मिलने जाने से पहले अखिलेश यादव को बताकर गए थे या फिर बिना जानकारी दिए ही मुलाकात कर आए?
‘चच्चा सुबह-सुबह लंबी डीलिंग करके लौट आए’
राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा कि जो सोता है, वह खोता है और जो जागता है, वह पाता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शिवपाल गांव-गिरांव के आदमी हैं और सुबह जल्दी उठते हैं। जब तक अखिलेश सोते रहते हैं, तब तक उनके चाचा अपना पूरा खेल रचकर लौट आते हैं।
उन्होंने आजम खान और शिवपाल की मुलाकात को लेकर पूछा कि आखिर दोनों के बीच क्या डील हुई है? राजभर ने यह भी आशंका जताई कि कहीं अखिलेश के साथ बनारस जैसा कोई राजनीतिक खेल तो नहीं होने वाला है।
सपा में दो गुट होने का दावा, अखिलेश को दी सलाह
राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के भीतर दो खेमे बन चुके हैं। एक खेमा अखिलेश यादव के साथ है तो दूसरा शिवपाल यादव के साथ खड़ा है। उन्होंने अखिलेश को सलाह दी कि पार्टी के साथ अपने घर और कार्यकर्ताओं पर भी ध्यान दें।
आखिर में राजभर ने सपा की तुलना टाइटेनिक जहाज से करते हुए कहा कि अखिलेश ने ध्यान नहीं दिया तो उनके पिता मुलायम सिंह यादव का बनाया राजनीतिक जहाज जल्द डूब सकता है।
राजभर के इस बयान ने यूपी की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। हालांकि, शिवपाल यादव और अखिलेश यादव के बीच किसी नई राजनीतिक डील या टकराव का कोई प्रमाण सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि राजभर के इस हमले पर सपा की तरफ से क्या जवाब आता है।



