मथुरा में BJP का मास्टरप्लान! 2027 के लिए श्रीकृष्ण की नगरी में होगा मंथन
BJP master plan in Mathura Strategy for 2027 in city of Lord Krishna

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सत्ता का रास्ता लखनऊ से होकर जरूर गुजरता है, लेकिन 2027 की चुनावी बिसात अभी से मथुरा में बिछनी शुरू हो गई है। एक तरफ बीजेपी के सामने उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की चुनौती है, तो दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी का PDA समीकरण, विपक्षी एकजुटता और सरकार के खिलाफ उठ रहे सवाल।
ऐसे में बीजेपी ने चुनाव से कई महीने पहले ही अपने सबसे बड़े रणनीतिक मंथन के लिए चुना है भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा को। 16 और 17 नवंबर को होने वाली इस दो दिवसीय चिंतन बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर दोनों उपमुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व तक जुट रहे हैं। लेकिन सवाल सिर्फ चुनावी रणनीति बनाने का नहीं है। सवाल इस बात को लेकर भी है कि क्या बीजेपी इस बैठक से 2027 की जीत का नया फॉर्मूला तैयार कर पाएगी? मथुरा को ही क्यों चुना गया? और इस पूरे चुनावी समीकरण में योगी आदित्यनाथ की भूमिका कितनी अहम होने वाली है? मथुरा के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो-अनुसंधान केंद्र में बीजेपी के करीब 47 वरिष्ठ नेता दो दिनों तक चुनावी रणनीति पर मंथन करेंगे।
इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष शामिल होंगे। वहीं, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 17 नवंबर को बैठक में पहुंचेंगे। अब बात उन मुद्दों की, जिन पर इस बैठक में सबसे ज्यादा जोर रहने की संभावना है।
पहला- बूथ मैनेजमेंट। पार्टी पन्ना प्रमुखों की भूमिका, शक्ति केंद्रों की सक्रियता और बूथ स्तर पर संगठन की वास्तविक स्थिति की समीक्षा करेगी।
दूसरा- सामाजिक समीकरण। युवाओं, महिलाओं, नए मतदाताओं, पिछड़े वर्गों और दलित समुदाय के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत करने पर चर्चा हो सकती है।
तीसरा- सरकार और संगठन का तालमेल। कार्यकर्ताओं की नाराजगी, स्थानीय जनप्रतिनिधियों के कामकाज और जनता से जुड़े मुद्दों पर फीडबैक लिया जाएगा।
इसके अलावा, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंच, मतदाता सूची पुनरीक्षण और विपक्ष के राजनीतिक नैरेटिव का जवाब देने की रणनीति भी अहम रहने वाली है। यानी, बीजेपी की कोशिश चुनाव से पहले अपनी संगठनात्मक कमजोरियों को पहचानने और उन्हें दुरुस्त करने की है।
अब सबसे बड़ा सवाल- आखिर इस बैठक के लिए मथुरा को ही क्यों चुना गया? इसके पीछे दो बड़े राजनीतिक पहलू दिखाई देते हैं।
पहला, सांस्कृतिक और वैचारिक संदेश। अयोध्या में राम मंदिर और काशी में विश्वनाथ कॉरिडोर के बाद मथुरा में शीर्ष नेतृत्व का जुटना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। इसे ब्रजभूमि को अपनी सांस्कृतिक और राजनीतिक प्राथमिकताओं में प्रमुख स्थान देने के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, यह बैठक अपने आप में मथुरा से जुड़े किसी नए प्रोजेक्ट या फैसले की घोषणा नहीं है।
दूसरा पहलू है पश्चिमी उत्तर प्रदेश। पश्चिमी यूपी का चुनावी गणित बीजेपी के लिए बेहद अहम है। यहां किसान, जाट, गुर्जर, दलित और अन्य पिछड़े वर्गों के मतदाताओं की भूमिका कई सीटों पर निर्णायक हो सकती है। ऐसे में मथुरा को बैठक का केंद्र बनाकर बीजेपी ब्रज और पश्चिमी यूपी में संगठन की स्थिति का आकलन करना चाहती है। यानी, मथुरा सिर्फ धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का केंद्र नहीं, बल्कि 2027 की चुनावी रणनीति का एक अहम राजनीतिक पड़ाव भी बनता दिखाई दे रहा है।
विपक्ष की चुनौती कितनी बड़ी?
अब बात बीजेपी के सामने खड़ी सबसे बड़ी चुनावी चुनौती की।
समाजवादी पार्टी का PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण बीजेपी के लिए बड़ी राजनीतिक चुनौती बन सकता है। अखिलेश यादव की कोशिश इस सामाजिक समीकरण को मजबूत करने और बीजेपी के पारंपरिक वोट बैंक में सेंध लगाने की होगी।
वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस गठबंधन के प्रदर्शन ने विपक्ष को नई राजनीतिक उम्मीद दी है। 2027 में दोनों दलों का गठबंधन किस रूप में सामने आता है, यह भी अहम होगा।
इसके अलावा, बेरोजगारी, महंगाई, सरकारी भर्तियां, स्थानीय विधायकों के प्रति नाराजगी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR जैसे मुद्दे भी चुनावी बहस का हिस्सा बन सकते हैं। बीजेपी के सामने चुनौती सिर्फ विपक्षी गठबंधन से निपटने की नहीं, बल्कि अपने मौजूदा जनाधार को बनाए रखने और नाराज कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय करने की भी है। यही वजह है कि मथुरा की बैठक में संगठनात्मक समीक्षा को इतना महत्व दिया जा रहा है।
अब बात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की।
2027 के विधानसभा चुनाव में योगी की भूमिका बेहद अहम रहने वाली है। बीजेपी सरकार के सामने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता के बीच रखने की चुनौती होगी। कानून-व्यवस्था, एक्सप्रेसवे, इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश और सरकारी योजनाओं का लाभ पार्टी के चुनावी प्रचार के प्रमुख मुद्दे बन सकते हैं। वहीं, विपक्ष बेरोजगारी, महंगाई और स्थानीय स्तर की समस्याओं को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश करेगा।
ऐसे में योगी आदित्यनाथ को एक तरफ सरकार की उपलब्धियों का चेहरा बनना होगा, तो दूसरी तरफ संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल मजबूत करने की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। दोनों उपमुख्यमंत्रियों और प्रदेश संगठन के साथ बेहतर समन्वय भी चुनावी तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा।
मथुरा की यह दो दिवसीय चिंतन बैठक बीजेपी के लिए सिर्फ एक संगठनात्मक बैठक नहीं, बल्कि 2027 के चुनाव से पहले अपनी ताकत और कमजोरियों को परखने का महत्वपूर्ण अवसर है। बीजेपी के सामने सत्ता की हैट्रिक लगाने का लक्ष्य है, तो विपक्ष के सामने PDA और गठबंधन के जरिए सत्ता में वापसी की चुनौती।
अब देखना होगा कि मथुरा के इस मंथन से बीजेपी कौन-सा नया चुनावी रोडमैप लेकर निकलती है। क्या बूथ से लेकर सामाजिक समीकरणों तक पार्टी अपनी रणनीति मजबूत कर पाएगी? क्या योगी के नेतृत्व में बीजेपी फिर से उत्तर प्रदेश की सत्ता पर काबिज होगी? या विपक्ष इस बार चुनावी मुकाबले को नया मोड़ देगा?
इन सवालों का जवाब तो 2027 के चुनावी नतीजे देंगे, लेकिन इतना तय है कि उत्तर प्रदेश की सियासी लड़ाई का बिगुल अभी से बज चुका है।
यह भी पढ़े : CM Yogi ने ‘योगी की पाती’ के 50 संस्करणों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया


