CM Yogi ने ‘योगी की पाती’ के 50 संस्करणों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया
CM Yogi unveiled coffee table book based on 50 editions of Yogi Ki Paati

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर ‘योगी की पाती’ के 50 संस्करणों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। पुस्तक में विभिन्न मुद्दों पर आम लोगों को लिखे गए उनके पत्रों का संकलन है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वनटांगिया समुदाय, सरकारी स्कूलों की स्थिति और इंसेफेलाइटिस से होने वाली मौतों सहित कई विषयों पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि ‘योगी की पाती’ सिर्फ पत्र या सरकारी सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के वंचित और अंतिम पायदान पर खड़े लोगों से संवाद का जरिया है। इसके जरिए युवाओं, छात्रों, महिलाओं, किसानों, श्रमिकों और वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दों को सामने लाने का प्रयास किया गया है।
इंसेफेलाइटिस के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले जुलाई से नवंबर के बीच बड़ी संख्या में बच्चे इस बीमारी से पीड़ित होते थे और कई की मौत हो जाती थी। उनके अनुसार, उस समय अस्पतालों में बिजली, पंखों और जीवनरक्षक उपकरणों की कमी थी। आदित्यनाथ ने दावा किया कि राज्य सरकार के प्रयासों से पूर्वांचल में इंसेफेलाइटिस पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया है और बच्चों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार हुआ है।
शिक्षा के क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 2017 से पहले बेसिक शिक्षा परिषद के कई स्कूल बंद होने की कगार पर थे और संसाधनों की कमी के कारण बड़ी संख्या में बच्चे, विशेषकर लड़कियां, नंगे पैर स्कूल जाने को मजबूर थीं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के तहत जनभागीदारी से 96 प्रतिशत विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के 1.60 करोड़ बच्चों के अभिभावकों के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए वर्दी, बैग, किताबें और जूते-मोजे के लिए राशि भेजी जा रही है। श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय भी संचालित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘संवाद यात्रा’ पर आधारित प्रदर्शनी का ऑनलाइन उद्घाटन किया। इस अवसर पर ‘योगी की पाती’ पर बनी एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। अपर मुख्य सचिव (सूचना) ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।



