UP Census 2027: सीएम योगी ने शुरू किया जनगणना अभियान, 16 नवंबर से खुद भर सकेंगे परिवार की जानकारी
मुख्यमंत्री ने जनगणना की अहमियत बताते हुए कहा कि विकास की योजना तभी सफल हो सकती है, जब सरकार के पास लोगों से जुड़े सही आंकड़े हों।

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। अब सरकार को प्रदेश की आबादी, लोगों की सामाजिक स्थिति और उनकी जरूरतों से जुड़ी नई जानकारी मिलने वाली है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लोकभवन में जनगणना 2027 के दूसरे संस्करण का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सही जनसंख्या आंकड़े मिलने से विकास योजनाओं को बेहतर तरीके से तैयार करने और जरूरतमंद लोगों तक सरकारी सुविधाएं पहुंचाने में मदद मिलेगी।
सीएम योगी ने कहा कि लंबे समय से सरकारी योजनाओं का आधार 2011 की जनगणना के आंकड़े रहे हैं। ऐसे में नई जनगणना बेहद जरूरी है। इससे पता चलेगा कि प्रदेश में अलग-अलग वर्गों की मौजूदा सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति क्या है।
एक भी व्यक्ति का नाम छूटना नहीं चाहिए: योगी
मुख्यमंत्री ने जनगणना की अहमियत बताते हुए कहा कि विकास की योजना तभी सफल हो सकती है, जब सरकार के पास लोगों से जुड़े सही आंकड़े हों। उन्होंने कहा कि जिस सरकार के पास जितनी सटीक जानकारी होगी, वह उतनी ही बेहतर योजनाएं बना सकेगी।
उत्तर प्रदेश की आबादी का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि देश का हर छठा व्यक्ति यूपी में रहता है, जबकि दुनिया का हर 36वां व्यक्ति इस प्रदेश का निवासी है। इसलिए यहां जनगणना का काम बेहद महत्वपूर्ण है।
सीएम योगी ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के मुसहर समुदाय का उदाहरण देते हुए बताया कि यह समाज लंबे समय तक गरीबी और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझता रहा। कई परिवारों के पास जमीन का मालिकाना हक, राशन कार्ड और सरकारी योजनाओं का लाभ तक नहीं था। उन्होंने कहा कि अगर पहले इनकी वास्तविक स्थिति का सही आंकड़ा सामने आया होता तो इन्हें सरकारी योजनाओं का फायदा पहले ही मिल सकता था।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, किसी व्यक्ति का जनगणना में छूट जाना केवल आंकड़ों की गलती नहीं है, बल्कि इससे वह लंबे समय तक सरकारी सुविधाओं से भी दूर रह सकता है।
16 से 30 नवंबर तक घर बैठे भरें जानकारी
जनगणना को आसान बनाने के लिए इस बार लोगों को खुद अपनी जानकारी दर्ज करने का विकल्प भी दिया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस दौरान नागरिक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपने और परिवार के सदस्यों का विवरण भर सकेंगे।
इसके बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक कर्मचारी घर-घर पहुंचकर जनगणना का काम करेंगे। दूसरे चरण में लोगों से धर्म, जाति, पढ़ाई, रोजगार और मातृभाषा सहित कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे।
डीएम करेंगे जनगणना अभियान की निगरानी
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जनगणना का काम पूरी जिम्मेदारी के साथ कराया जाए। इसके लिए जिलाधिकारियों को अभियान की अगुवाई करने और प्रतिदिन काम की समीक्षा करने को कहा गया है।
इस बड़े अभियान में प्रदेश के सभी 18 मंडल, 75 जिले, 350 तहसील, 825 विकासखंड, 57,694 ग्राम पंचायतें और 1,04,004 राजस्व गांव शामिल होंगे। लोगों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 भी जारी किया गया है।
नई जनगणना से विकास योजनाओं को मिलेगी दिशा
सीएम योगी ने कहा कि जनगणना से मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर यह तय करना आसान होगा कि किस इलाके में स्कूल, अस्पताल, सड़क और दूसरी सुविधाओं की कितनी जरूरत है। इससे विकास का बजट और सरकारी योजनाएं वास्तविक जरूरतों के हिसाब से तैयार की जा सकेंगी।
सरकार का जोर इस बात पर है कि जनगणना के दौरान कोई भी परिवार या व्यक्ति छूटने न पाए, ताकि हर जरूरतमंद तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।



