खबर

‘माफी दिमाग से नहीं, दिल से मांगिए…’, सुप्रीम कोर्ट ने संजय राउत को लगाई फटकार

सुनवाई के दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और वरिष्ठ वकील प्रदीप राय ने अदालत को बताया कि संजय राउत ने पहले अपनी टिप्पणियों के लिए माफी मांगी थी, लेकिन बाद में सोशल मीडिया पर सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ फिर पोस्ट किए।

Lucknow Desk : शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत को सुप्रीम कोर्ट में न्यायपालिका और चीफ जस्टिस सूर्यकांत के खिलाफ की गई टिप्पणियों को लेकर कड़ी फटकार लगी है। मंगलवार को आपराधिक अवमानना मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने उनकी माफी पर भी सवाल उठाए। अदालत ने साफ कहा कि माफी सिर्फ कहने के लिए नहीं, बल्कि दिल से मांगी जानी चाहिए।

इस मामले में संजय राउत मंगलवार को खुद सुप्रीम कोर्ट में पेश हुए। वहीं, पत्रकार निखिल वाघले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई में शामिल हुए।

सुप्रीम कोर्ट ने संजय राउत को क्यों लगाई फटकार?

सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की ओर से दायर अवमानना याचिका पर जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ सुनवाई कर रही थी।

सुनवाई के दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और वरिष्ठ वकील प्रदीप राय ने अदालत को बताया कि संजय राउत ने पहले अपनी टिप्पणियों के लिए माफी मांगी थी, लेकिन बाद में सोशल मीडिया पर सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ फिर पोस्ट किए। उन्होंने यह भी बताया कि राउत ने अल्बानिया के सुप्रीम कोर्ट की एक तस्वीर साझा की थी, जिसमें प्रदर्शनकारी अदालत की इमारत में आग लगाते दिखाई दे रहे थे।इस पर अदालत ने राउत को उनके राजनीतिक अनुभव और सार्वजनिक जीवन की जिम्मेदारी याद दिलाई।

‘माफी दिल से होनी चाहिए, दिमाग से नहीं’

सुनवाई के दौरान जस्टिस अरविंद कुमार ने संजय राउत से कहा कि वह एक अनुभवी नेता और सांसद हैं। वह लंबे समय तक पत्रकारिता से भी जुड़े रहे हैं। ऐसे में उन्हें सार्वजनिक बयान देते समय संयम बरतना चाहिए।

लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, न्यायमूर्ति अरविंद कुमार ने कहा, “आपने माफी मांग ली है, लेकिन इतने बड़े मामले में माफी दिल से आनी चाहिए, दिमाग से नहीं।”

अदालत ने यह भी कहा कि राउत को समझना चाहिए कि एक वरिष्ठ सांसद होने के नाते उनके शब्दों और बयानों की जिम्मेदारी भी बड़ी है।

16 अक्टूबर को जारी हुआ था नोटिस

सुप्रीम कोर्ट ने 16 अक्टूबर को संजय राउत और पत्रकार निखिल वाघले को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। यह नोटिस चीफ जस्टिस सूर्यकांत और न्यायपालिका के खिलाफ कथित टिप्पणियों को लेकर जारी किया गया था।

दरअसल, इस विवाद की शुरुआत तब हुई जब CJI सूर्यकांत ने विपक्षी नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल को व्यक्तिगत मुलाकात का समय देने से इनकार कर दिया था। उन्होंने नेताओं को अपनी बात रखने के लिए अदालत में याचिका दाखिल करने की सलाह दी थी।

क्या है संजय राउत और निखिल वाघले से जुड़ा पूरा विवाद?

सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की याचिका के अनुसार, इस घटनाक्रम पर खबर सामने आने के बाद पत्रकार निखिल वाघले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर चीफ जस्टिस के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। बाद में उन्होंने पोस्ट हटा दी और माफी भी मांगी।

वहीं, संजय राउत ने न्यायाधीशों के आचरण पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ न्यायाधीश बीजेपी की ओर से आयोजित राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल हुए थे। इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्रियों की ओर से आयोजित रात्रिभोज में जजों की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठाए थे।

इन्हीं टिप्पणियों को लेकर सुप्रीम कोर्ट में अवमानना की कार्यवाही शुरू हुई है। मंगलवार की सुनवाई में अदालत ने राउत को उनके बयानों में संयम रखने और माफी की गंभीरता समझने का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button