UP में छठ महापर्व की दिखी अद्भुत छटा, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, उगते सूर्य को दिया अर्घ्य
बस्ती जिले में मनोरमा और कुआनो नदी के किनारे भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह की पहली किरण के साथ हजारों महिलाओं ने नदी के पानी में उतरकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया।

Lucknow Desk : हाथों में पूजा की टोकरी, सजे हुए बांस के सूप, गूंजते छठी मैया के गीत और सूर्यदेव की आराधना में जुटे हजारों श्रद्धालु। उत्तर प्रदेश में छठ महापर्व के मौके पर कुछ ऐसा ही भक्तिमय नजारा देखने को मिला। लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, गोरखपुर, बस्ती समेत प्रदेश के कई जिलों में सुबह होते ही छठ घाटों पर लोगों की भीड़ जुट गई। व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी उम्र की कामना की।
चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व के अंतिम दिन घाटों पर आस्था का सैलाब दिखाई दिया। हर तरफ छठी मैया के जयकारे और पारंपरिक गीत सुनाई देते रहे। 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत पूरा करने के बाद महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया।
लखनऊ के लक्ष्मण मेला मैदान में उमड़ी भीड़
राजधानी लखनऊ के लक्ष्मण मेला मैदान स्थित छठ घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। जैसे ही सूर्य की पहली किरण दिखाई दी, व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान घाट पर परिवार के सदस्यों की भी बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। लोगों ने छठी मैया से परिवार में सुख, शांति और खुशहाली की प्रार्थना की।
गाजियाबाद की सोसायटियों में भी हुई पूजा
गाजियाबाद में भी छठ पूजा को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। राजनगर एक्सटेंशन के निलाया ग्रीन्स और इंदिरापुरम के कृष्णा अपरा गार्डन समेत कई सोसायटियों में महिलाओं ने परिसर में ही पूजा की व्यवस्था की। सुबह-सुबह व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मैया की आराधना की।
पूजा के दौरान पारंपरिक कपड़ों में सजी महिलाओं ने बांस के सूप और दउरा में फल, ठेकुआ, गन्ना और अन्य प्रसाद सजाकर सूर्यदेव को अर्पित किया।
![]()
नोएडा में छठ गीतों से गूंजे घाट
नोएडा में भी महापर्व की रौनक देखते ही बनी। छठी मैया के पारंपरिक गीतों के बीच श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से पूजा की। पर्व के तीसरे दिन व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया था। इसके बाद अंतिम दिन सुबह उगते सूर्य की पूजा कर चार दिवसीय अनुष्ठान पूरा किया गया।
गोरखनाथ मंदिर में रवि किशन ने की पूजा
गोरखपुर में सांसद रवि किशन भी छठ महापर्व की धार्मिक परंपराओं में शामिल हुए। उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान वहां मौजूद लोगों में उनके साथ सेल्फी लेने का उत्साह भी देखने को मिला।
वहीं मेरठ के सांसद अरुण गोविल ने भी छठ घाट पहुंचकर पूजा की और लोगों को महापर्व की शुभकामनाएं दीं। पूजा संपन्न होने के बाद परिवारों और पड़ोसियों के बीच पारंपरिक प्रसाद भी बांटा गया।
![]()
बस्ती की मनोरमा और कुआनो नदी पर दिखी आस्था
बस्ती जिले में मनोरमा और कुआनो नदी के किनारे भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह की पहली किरण के साथ हजारों महिलाओं ने नदी के पानी में उतरकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। हाथों में पूजा सामग्री और जुबां पर छठी मैया के जयकारों के साथ पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
महिलाओं ने संतान की लंबी उम्र और परिवार की तरक्की के लिए 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखा। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण किया गया।
ठेकुआ और फल से सजे सूप, पूरी हुई छठ पूजा
छठ महापर्व के दौरान प्रदेश के सभी प्रमुख घाटों पर पारंपरिक रीति-रिवाजों की झलक देखने को मिली। बांस के सूप और दउरा में ठेकुआ, केला, गन्ना और मौसमी फल सजाए गए। व्रती महिलाओं ने पूरे नियम और श्रद्धा के साथ पूजा संपन्न की।
लखनऊ से लेकर बस्ती तक छठी मैया के जयकारों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। इस महापर्व ने एक बार फिर परिवार, परंपरा और आस्था के खूबसूरत मेल की तस्वीर पेश की।



