‘जो जीतेगा, टिकट उसी को मिलेगा’,कांग्रेस की 181 सीटों की मांग पर अखिलेश यादव का दो टूक जवाब
अखिलेश यादव का यह बयान ऐसे समय आया है, जब दोनों दलों के बीच मंगलवार, 17 नवंबर को सीटों के बंटवारे को लेकर अहम बैठक होनी है। इस बातचीत में दोनों पार्टियां अपने-अपने पक्ष और चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगी।

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर खींचतान की चर्चा शुरू हो गई है। कांग्रेस की ओर से 181 विधानसभा सीटों की मांग किए जाने की खबरों के बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गठबंधन का सीट बंटवारा फॉर्मूला सामने रख दिया है। उन्होंने साफ कहा कि गठबंधन में सीटों का फैसला किसी दबाव या दावे से नहीं, बल्कि जीतने की संभावना के आधार पर होगा। अखिलेश ने कहा, ‘जो जीतेगा, वही सीट पाएगा।’
अखिलेश यादव का यह बयान ऐसे समय आया है, जब दोनों दलों के बीच मंगलवार, 17 नवंबर को सीटों के बंटवारे को लेकर अहम बैठक होनी है। इस बातचीत में दोनों पार्टियां अपने-अपने पक्ष और चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगी।
अखिलेश ने बताया सीट बंटवारे का फॉर्मूला
पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों को लेकर विस्तार से चर्चा होगी। दोनों दल मिलकर यह आकलन करेंगे कि किस विधानसभा क्षेत्र में कौन सा उम्मीदवार जीतने की स्थिति में है।
उन्होंने कहा कि बातचीत गहराई से होगी और दोनों पार्टियां मिलकर तय करेंगी कि किस सीट पर किसे चुनाव लड़ना चाहिए। अखिलेश के मुताबिक, गठबंधन में जीतने की क्षमता ही सीट मिलने का सबसे बड़ा आधार होगी।
सपा प्रमुख ने यह भी स्पष्ट किया कि अभी सीटों के बंटवारे पर औपचारिक बातचीत नहीं हुई है। हालांकि, INDIA गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा और दोनों दल एक-दूसरे का सम्मान करते हुए सीटों का तालमेल बनाएंगे।
कांग्रेस ने मांगी हैं 181 विधानसभा सीटें
दरअसल, यूपी चुनाव 2027 को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच सीटों का बंटवारा सबसे अहम मुद्दा बनता जा रहा है। इससे पहले अखिलेश यादव ने एक कार्यक्रम में जानकारी दी थी कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की 181 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग रखी है।
इस जानकारी के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई कि क्या समाजवादी पार्टी कांग्रेस की इतनी बड़ी मांग को स्वीकार करेगी? अब अखिलेश के नए बयान से संकेत मिल रहा है कि सीटों का फैसला दोनों दलों के चुनावी प्रदर्शन और उम्मीदवारों की जीत की संभावनाओं को ध्यान में रखकर किया जाएगा।
17 नवंबर की बैठक पर टिकी निगाहें
मंगलवार को होने वाली सपा-कांग्रेस की बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें सीटों के बंटवारे के साथ-साथ चुनावी तालमेल पर भी बातचीत हो सकती है। दोनों पार्टियों के सामने ऐसी रणनीति तैयार करने की चुनौती है, जिससे गठबंधन को ज्यादा से ज्यादा सीटों पर जीत मिल सके।
अब देखना होगा कि कांग्रेस की 181 सीटों की मांग पर समाजवादी पार्टी क्या रुख अपनाती है और दोनों दलों के बीच कितनी सीटों पर सहमति बन पाती है।
मथुरा में बीजेपी की बैठक पर भी अखिलेश का तंज
सीट बंटवारे के सवालों के बीच अखिलेश यादव ने मथुरा-वृंदावन में चल रही बीजेपी की बैठक पर भी चुटकी ली। उन्होंने वहां पहुंचे बीजेपी नेताओं से यमुना में पवित्र डुबकी लगाने की बात कही। साथ ही तंज कसते हुए कहा कि अगर किसी की तबीयत खराब होती है तो अच्छे डॉक्टर को बुला लेना चाहिए।



