बाराबंकी : जमीन के लिए भटक रहा किसान, सपा नेता पर 12 बीघा जमीन नहीं छोड़ने का आरोप
सुशील यादव के पिता हरिनाम यादव के नाम पर दरियाबाद रोड स्थित खानपुर के पास करीब 12 बीघा जमीन है। सुशील का कहना है कि इस जमीन पर ईंट-भट्ठा चलाने के लिए संतोष वर्मा के साथ समझौता किया गया था।

Lucknow Desk : अपनी ही जमीन पर कब्जा पाने के लिए एक किसान को अधिकारियों और पुलिस के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। मामला बाराबंकी के दरियाबाद क्षेत्र का है, जहां किसान सुशील यादव ने सपा नेता और पूर्व ब्लॉक प्रमुख संतोष वर्मा पर 12 बीघा जमीन नहीं छोड़ने का आरोप लगाया है। किसान के मुताबिक, ईंट-भट्ठा चलाने के लिए जमीन किराए पर दी गई थी। इसके लिए एग्रीमेंट भी हुआ था, लेकिन उसकी अवधि वर्ष 2024 में समाप्त हो गई। इसके बाद भी जमीन पर कब्जा नहीं छोड़ा गया। किसान का दावा है कि पिछले तीन साल से उसे किराया भी नहीं मिला है।
सुशील यादव के पिता हरिनाम यादव के नाम पर दरियाबाद रोड स्थित खानपुर के पास करीब 12 बीघा जमीन है। सुशील का कहना है कि इस जमीन पर ईंट-भट्ठा चलाने के लिए संतोष वर्मा के साथ समझौता किया गया था। तय समय पूरा होने के बाद उन्होंने जमीन वापस मांगी, लेकिन आरोप है कि संतोष वर्मा ने जमीन खाली करने से इनकार कर दिया। किसान का कहना है कि अब वह अपनी जमीन पर न तो खेती कर पा रहा है और न ही कोई दूसरा काम कर सकता है।
टिकट की दावेदारी और राजनीतिक रसूख का आरोप
किसान सुशील यादव का आरोप है कि जमीन खाली कराने की बात करने पर उन्हें धमकाया जाता है। उनका दावा है कि संतोष वर्मा दरियाबाद विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी का टिकट मांग रहे हैं। इसी राजनीतिक प्रभाव का हवाला देकर जमीन नहीं छोड़ने की बात कही जाती है। सुशील के मुताबिक, उनसे पांच साल तक बिना किराया दिए भट्ठा चलाने की मांग की जा रही है।
शिकायत करने पर किसान पर ही हुई पुलिस कार्रवाई
सुशील यादव का कहना है कि उन्होंने जमीन वापस पाने के लिए अब तक 20 से अधिक शिकायतें की हैं। थाने से लेकर सीएम हेल्पलाइन तक अपनी समस्या पहुंचाई, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। उनका आरोप है कि पुलिस ने जमीन खाली कराने के बजाय उन्हीं के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई कर चालान कर दिया। किसान का कहना है कि जब भी वह अपनी जमीन पर अधिकार जताने पहुंचते हैं, पुलिस बुलाकर उन्हें रोक दिया जाता है।
जमीन पर काम शुरू कराया तो पुलिस ने रुकवाया
पीड़ित के अनुसार, 5 नवंबर को उन्होंने अपनी जमीन पर मिट्टी भरवाने का काम शुरू कराया था। इसी दौरान डायल 112 पर पुलिस बुला ली गई और काम बंद करवा दिया गया। किसान का आरोप है कि जमीन पर मवेशी बांधने या मकान बनाने की कोशिश करने पर भी विरोध किया जाता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके द्वारा बनाई गई दीवार को तोड़ दिया गया। इस पूरे मामले में शिकायत करने के बाद भी उन्हें न्याय नहीं मिल पाया है।
मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार
लगातार परेशानियों का सामना कर रहे सुशील यादव ने अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद मांगी है। उन्होंने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और उन्हें उनकी जमीन का कब्जा दिलाया जाए। वहीं, सपा नेता संतोष वर्मा ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया है। फिलहाल किसान के आरोपों और नेता के जवाब के बीच जमीन का विवाद चर्चा में है।



