वाराणसी में आज से तीन दिवसीय एयर शो शुरू, गंगा के ऊपर दिखेगी वायुसेना की ताकत
A three-day air show begins in Varanasi today

वाराणसी। भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय हवाई प्रदर्शन ‘विंग्स ओवर गंगा’ का पहला दिन आज, गुरुवार को है। 22, 24 और 25 अक्तूबर को नमो घाट पर होने वाले इस आयोजन में करीब 100 विमान हिस्सा लेंगे। राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000, जगुआर, मिग-29 और तेजस समेत कई लड़ाकू विमान गंगा के ऊपर हवाई करतब दिखाएंगे।
बुधवार को एयर शो का अंतिम पूर्वाभ्यास हुआ। लड़ाकू विमानों की गर्जना और हेलिकॉप्टरों के करतब से गंगा का आसमान गूंज उठा। विमानों की तेज रफ्तार और हवाई करतब देखकर घाटों पर मौजूद लोग रोमांचित नजर आए। जिला प्रशासन और पुलिस ने आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
एयर वाइस मार्शल पीवीएस नारायना ने पहले ही प्रेस वार्ता में प्रदर्शन की जानकारी दी थी। इस बार आईएल-78 पहली बार एयर शो में शामिल होगा। बोइंग सी-17 ग्लोबमास्टर भी सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम के नौ विमानों के साथ पहली बार मैन्यूवर करेगा। आयोजन नमो घाट से अस्सी घाट तक देखा जा सकेगा। विमानों के लिए देश के 12 एयरबेस से उड़ान भरी जाएगी; इनमें चेन्नई के पास स्थित नौसैनिक अड्डा अरक्कोणम भी शामिल है।
100 विमान और 25 फॉर्मेशन
प्रदर्शन में 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान, 32 हेलिकॉप्टर और एक विंटेज विमान शामिल होंगे। भारतीय वायुसेना के गरुड़ विशेष बल भी प्रदर्शन का हिस्सा होंगे। काशी, गंगा और धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान से जुड़े नामों पर आधारित 25 फॉर्मेशन के जरिए तीनों सेनाओं के बीच समन्वय की झलक दिखाई जाएगी। इनमें काशी, वरुणा, केदार, हनुमान, ओंकार, रुद्र, भागीरथी, त्रिदेव, अलकनंदा, भैरव, कैलाश, त्रिलोचन, नटराज, महादेव, विश्वनाथ, पशुपति, नीलकंठ, प्रचंड, एससीए तेजस और दशाश्वमेध जैसे नाम शामिल हैं।
हेलिकॉप्टरों में एलसीएच, चिनूक, एएलएच मार्क-3, एएलएच मार्क-4, अपाचे, चेतक, कामोव-31 और एमआई-17 वी5 भाग लेंगे। परिवहन और सहायक विमानों में सी-295, सी-17, सी-130, एईडब्ल्यूएंडसी, आईएल-78, एएन-32 और पी-8आई शामिल हैं। लड़ाकू विमानों में सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000, राफेल, एलसीए तेजस, मिग-29 और जगुआर प्रदर्शन करेंगे। चिनूक का ‘टच एंड गो’ अभ्यास भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहने की उम्मीद है।
थलसेना और नौसेना के हेलिकॉप्टर भी शो में शामिल होंगे। नौसेना का पी-8आई और कामोव-31 भी अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों के मुताबिक, इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को प्रेरित करना, आधुनिक वायु शक्ति से परिचित कराना और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति वायुसेना की प्रतिबद्धता को सामने लाना है।
यातायात और नावों के संचालन पर प्रतिबंध
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 12:45 बजे पुलिस लाइन पहुंचेंगे और वहां से नमो घाट पर एयर शो में शामिल होंगे। उनके आगमन के दौरान सड़क यातायात रोकने की व्यवस्था रहेगी। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, 22, 24 और 25 अक्तूबर को सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक गंगा में नावों का सामान्य संचालन बंद रहेगा। आपात स्थिति के लिए 12 नावें बोट एंबुलेंस के रूप में उपलब्ध रहेंगी। कुछ नावों का उपयोग अतिथियों को गंगा के रास्ते नमो घाट तक पहुंचाने के लिए किया जाएगा।



