झांसी : ट्रेन के अंदर मिला चांदी का खजाना, 133 किलो गहने बरामद, कीमत 2.55 करोड़
RPF की जांच में सामने आया मामला, शिवपुरी के 22 वर्षीय युवक को पकड़ा, अब GST विभाग करेगा जांच

Lucknow Desk : झांसी रेलवे स्टेशन पर RPF की टीम ने AP एक्सप्रेस में जांच के दौरान बड़ी मात्रा में चांदी के गहने बरामद किए हैं। चार बोरों में रखे इन गहनों का वजन 133 किलो 170 ग्राम पाया गया। इनकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 55 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। मामले में मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के रहने वाले 22 वर्षीय नारद तोमर को पकड़ा गया है। RPF ने बरामद चांदी और युवक को आगे की कार्रवाई के लिए राज्य कर विभाग को सौंप दिया है।
चार बोरों में मिले चांदी के गहने
त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सुरक्षा जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत RPF की टीम AP एक्सप्रेस में जांच कर रही थी। इस दौरान चार बोरों में चांदी के आभूषण रखे मिले। वजन करने पर इनमें 133.17 किलो चांदी होने की पुष्टि हुई। अधिकारियों ने इसकी अनुमानित कीमत 2,55,31,628 रुपये बताई है।
पकड़े गए युवक का नाम नारद तोमर है। वह हनुमंत तोमर का पुत्र है और मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के ग्राम मोटिन, थाना अमोला का रहने वाला है।
राज्य कर विभाग को सौंपी गई चांदी
चांदी मिलने के बाद RPF ने झांसी के राज्य कर विभाग को जानकारी दी। सूचना पर विभाग की सचलदल पंचम इकाई के अधिकारी रेलवे स्टेशन पहुंचे। जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद चांदी के गहने और युवक को विभाग के हवाले कर दिया गया।
अब राज्य कर विभाग इस मामले की जांच करेगा। अधिकारियों के मुताबिक, चांदी की अंतिम कीमत अधिकृत टंच संस्था से जांच कराने के बाद तय होगी। इसके बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कई टीमों ने संभाली जांच की जिम्मेदारी
इस कार्रवाई में RPF की क्राइम विंग झांसी, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पोस्ट, ग्वालियर पोस्ट और क्राइम विंग ग्वालियर की टीमें शामिल रहीं।
त्योहारों के समय ट्रेनों और स्टेशनों पर निगरानी बढ़ाई गई है। RPF का उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और यात्रियों की सुरक्षा बनाए रखना है। फिलहाल बरामद चांदी से जुड़े कागजात और अन्य जरूरी जानकारियों की जांच राज्य कर विभाग करेगा।



