अखिलेश यादव का बीजेपी पर हमला, बोले- महंगाई और बेरोजगारी से हर वर्ग परेशान
सपा प्रमुख ने बुलंदशहर कार्यक्रम की अनुमति से लेकर बाढ़, स्वास्थ्य व्यवस्था, आरक्षण और महंगाई तक सरकार को घेरा

Lucknow Desk : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बुलंदशहर में कार्यक्रम के लिए प्रशासन ने रैली मैदान की अनुमति देने का आश्वासन दिया था, लेकिन तारीख आगे बढ़ाने के बावजूद अनुमति नहीं दी गई। अखिलेश ने कहा कि हेलिपैड पर जलभराव का हवाला देकर भी अनुमति रोक दी गई।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी आगामी चुनाव को लेकर जिलेवार घोषणापत्र भी तैयार करेगी। उन्होंने दावा किया कि सरकार के खिलाफ लोगों में नाराजगी है और आने वाले समय में जनता बीजेपी को सत्ता से बाहर करेगी। उन्होंने लखीमपुर खीरी का जिक्र करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में दोनों सांसदों को जिताने के बाद अब पार्टी सभी विधानसभा सीटों पर जीत के लिए काम करेगी।
बाढ़ की समस्या को लेकर अखिलेश ने सरकार पर वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पलिया में शिलान्यास के बावजूद काम पूरा नहीं हुआ। उनका दावा था कि सरकार बनने पर बाढ़ नियंत्रण और विकास के काम तेजी से शुरू किए जाएंगे। उन्होंने लखीमपुर के जंगलों और पर्यावरण के रखरखाव पर भी काम करने की बात कही।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर बोलते हुए अखिलेश ने झांसी की घटना का जिक्र किया और कहा कि अस्पताल से शव ले जाने तक की व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर समाजवादी पार्टी की सरकार में किसी भी अस्पताल में आने वाले व्यक्ति को मुफ्त इलाज दिया जाएगा और इलाज के लिए कार्ड मांगकर परेशानी नहीं की जाएगी।
अखिलेश ने महंगाई को देश की बड़ी समस्या बताते हुए बीजेपी पर आरक्षण के खिलाफ होने का आरोप लगाया। उन्होंने मदरसों को लेकर भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। साथ ही कहा कि आंगनवाड़ी से जुड़े मुद्दों का समाधान लंबे समय में भी नहीं किया गया।
उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा और कहा कि कई घटनाओं की जांच होनी चाहिए। अखिलेश ने दावा किया कि जनता सवाल पूछती है तो मुकदमे का डर दिखाया जाता है। उन्होंने कहा कि हर वर्ग सरकार से नाराज है और आने वाले चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।



