उत्तर प्रदेश

अखिलेश यादव के गोरखपुर दौरे से पहले सपा में मारपीट की नौबत, बृजेश गौतम और जफर डक्कू भिड़े

18 नवंबर के गोरखपुर दौरे से पहले समाजवादी पार्टी में गुटबाजी सामने आई। बैठक में बृजेश कुमार गौतम और जफर अमीन डक्कू के बीच जमकर विवाद हुआ।

Lucknow Desk : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 18 नवंबर को होने वाले गोरखपुर दौरे से पहले ही पार्टी के भीतर की खींचतान खुलकर सामने आ गई है। पार्टी की एक बैठक में निवर्तमान जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार गौतम और ग्रामीण विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके आजम खान के करीबी जफर अमीन डक्कू के बीच जमकर विवाद हो गया। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई और मामला हाथापाई तक पहुंचने की स्थिति बन गई। हालांकि, मौके पर मौजूद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया।

गोरखपुर में सपा के अंदर चल रही गुटबाजी का यह कोई पहला मामला नहीं है। पिछले कई महीनों से पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच अलग-अलग मुद्दों पर टकराव देखने को मिल रहा है। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे से ठीक पहले सामने आए इस विवाद ने पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

होर्डिंग में नाम नहीं होने पर शुरू हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि रविवार को अखिलेश यादव के प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर पार्टी नेताओं की बैठक बुलाई गई थी। इसी दौरान कार्यक्रम के लिए तैयार कराई जा रही होर्डिंग में निवर्तमान जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार गौतम का नाम नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई।

इसी बात को लेकर उनकी जफर अमीन डक्कू से बहस हो गई। आरोप है कि बातचीत के दौरान डक्कू ने बृजेश गौतम को ‘तुम’ कहकर संबोधित किया। इस बात से नाराज गौतम ने विरोध जताया। देखते ही देखते दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो गाली-गलौज तक पहुंच गई। स्थिति बिगड़ती देख वहां मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप किया और मामला शांत कराया।

पहले से ही चल रही थी दोनों नेताओं के बीच तनातनी

बृजेश कुमार गौतम और जफर अमीन डक्कू के बीच विवाद की पृष्ठभूमि पहले से तैयार थी। एक जमीन से जुड़े मामले में डक्कू जेल गए थे। उस दौरान उन्होंने बृजेश कुमार गौतम समेत दो अन्य पार्षदों पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद से दोनों नेताओं के बीच तल्खी बनी हुई थी।

वहीं, बृजेश गौतम भी कुछ समय पहले अपने ही पार्टी कार्यकर्ताओं के निशाने पर आ गए थे। कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ नाराजगी जाहिर की थी। इसके जवाब में गौतम की ओर से एक वकील के माध्यम से कई पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामला बढ़ने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मुकदमे वापस लेने की बात भी कही थी।

गोरखपुर में पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे विवाद

समाजवादी पार्टी की गोरखपुर इकाई में अंदरूनी खींचतान लंबे समय से चर्चा में है। कैंपियरगंज विधानसभा सीट पर टिकट की दावेदारी को लेकर नवीन यादव और साधु यादव के समर्थकों के बीच विवाद हुआ था।

इसके बाद ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से टिकट के दावेदार माने जा रहे नगीना प्रसाद साहनी और अंशुमान सिंह के बीच गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में थप्पड़बाजी का मामला सामने आया था। इन घटनाओं ने पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी को उजागर कर दिया था।

18 नवंबर को गोरखपुर में अखिलेश यादव के कई कार्यक्रम

दरअसल, अखिलेश यादव 18 नवंबर को गोरखपुर पहुंचने वाले हैं। उनके दौरे के दौरान चौरी चौरा क्षेत्र के देवकही में कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके अलावा अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू के बड़े भाई बिन्नू सिंह की दसवीं पुण्यतिथि के अवसर पर भी कार्यक्रम आयोजित होना है। इसी दौरे में अखिलेश यादव शहीद बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे।

इन कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर ही पार्टी नेताओं की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें दोनों नेताओं के बीच विवाद हो गया।

विधानसभा चुनाव से पहले सपा के लिए बढ़ सकती है मुश्किल

राजनीतिक विश्लेषक राजदीप का मानना है कि गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के नेताओं के बीच लगातार सामने आ रही आपसी खींचतान आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है। उनका कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को इस मामले में समय रहते हस्तक्षेप करना चाहिए, ताकि कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच बढ़ती दूरी को कम किया जा सके।

गोरखपुर में समाजवादी पार्टी बीजेपी को चुनौती देने के लिए लगातार अपनी रणनीति तैयार कर रही है। दूसरी पार्टियों से नाराज नेताओं के सपा में आने की संभावनाएं भी बनी हुई हैं। ऐसे में पार्टी के भीतर इस तरह के विवाद चुनावी तैयारियों को कमजोर कर सकते हैं।

गौरतलब है कि अखिलेश यादव पहले ही समाजवादी पार्टी की गोरखपुर जिला इकाई को भंग कर चुके हैं। इसके बावजूद अब तक नई कार्यकारिणी का गठन नहीं हुआ है। ऐसे में नए विवाद ने संगठन की स्थिति और नेतृत्व की चुनौती को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button