72 हजार वर्ग मीटर जमीन के कथित फर्जीवाड़े में 11 लोगों पर एफआईआर
कोर्ट के आदेश पर सेक्टर-20 थाने में केस दर्ज, पूर्व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण GM समेत CRC ग्रुप के निदेशक आरोपी

Lucknow Desk : नोएडा के ग्रेटर नोएडा वेस्ट में करीब 72 हजार वर्ग मीटर जमीन से जुड़े कथित फर्जीवाड़े के मामले में कोर्ट के आदेश पर थाना सेक्टर-20 में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में पूर्व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण GM रवीन्द्र तोंगड़ समेत 11 लोगों को नामजद किया गया है। एफआईआर में जमीन हड़पने, करोड़ों रुपये के गबन, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
मामले में CRC ग्रुप के निदेशक कुणाल भल्ला, सतीश गर्ग और हिमांशु गोयल के नाम भी शामिल हैं। इसके अलावा रवीन्द्र तोंगड़ की पत्नी कुशल सिंह को भी आरोपी बनाया गया है। शिकायत में करीब पांच करोड़ रुपये की देनदारी और रकम के कथित गबन का आरोप लगाया गया है। जमीन में 73 प्रतिशत हिस्सेदारी को लेकर भी अनियमितताओं का आरोप है।
शिकायत के अनुसार, वर्ष 2013 और 2014 में करीब 20 हजार और 14 हजार वर्ग मीटर जमीन की सब-लीज से जुड़े मामले में नियमों की अनदेखी की गई। आरोप है कि पूर्व GM के रिश्तेदारों को कंपनी में निदेशक बनाकर जमीन की सब-लीज कराई गई। इसके बाद वर्ष 2018 में कथित फर्जी सब-लीज वाली जमीन पर CRC ग्रुप के साथ नई परियोजना शुरू की गई।
परियोजना के लिए बैंक लोन लेने और अन्य कामों में कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करने का भी आरोप है। कंपनी की बैलेंस शीट और अन्य रिकॉर्ड में रकम की हेराफेरी का आरोप लगाया गया है। दिसंबर 2025 में हिसाब-किताब को लेकर शिकायतकर्ता को धमकी देने का भी आरोप सामने आया है।
मामले की जांच सेक्टर-20 थाने के उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह कर रहे हैं। पुलिस जमीन के दस्तावेज, सब-लीज, कंपनी के रिकॉर्ड और बैंक लेनदेन की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।



