उत्तर प्रदेश

तिहाड़ जेल चले गए…’ सपा नेता की नकल उतार अनिल सिंह ने मंच से सुनाई खरी-खरी, वीडियो वायरल

अनिल सिंह, जो पुरवा विधानसभा के विधायक हैं, एक सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सपा के एक नेता की नकल उतारी और अपने दमखम का दावा किया। अनिल सिंह ने कहा कि उनकी ताकत कोई नहीं हरा सकता, केवल पुरवा की जनता ही उन्हें हरा सकती है।

Lucknow Desk : ‘अनिल सिंह का दबदबा है और दबदबा रहेगा… यहां किसी और का नहीं, पुरवा की गरीब और कमजोर जनता का दबदबा चलता है।’ बीजेपी विधायक अनिल सिंह ने कार्यकर्ता सम्मेलन में कुछ इसी अंदाज में अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने सपा के एक नेता की नकल उतारते हुए तिहाड़ जेल का भी जिक्र किया। विधायक का यह ठेठ गवंई अंदाज अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है और उनका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

दरअसल, बुधवार को आयोजित एक कार्यक्रम में अनिल सिंह कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। भाषण के दौरान उन्होंने अचानक एक नेता के बोलने के अंदाज की नकल करनी शुरू कर दी। उन्होंने तंज भरे लहजे में कहा, ‘आ गए, आ गए, आ गए वालेन का बता रहेन हैं, समझी गए होइहो, चले गए, चले गए, तिहाड़ जेल चले गए।’

इसके बाद उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि पुरवा विधानसभा में अनिल सिंह का दबदबा है और आगे भी बना रहेगा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि असली दबदबा यहां की गरीब और कमजोर जनता का है, किसी दूसरे का नहीं।

अपने भाषण में बीजेपी विधायक ने चुनावी चुनौती देते हुए कहा कि उन्हें कोई नहीं हरा सकता। अगर कोई उन्हें चुनाव में शिकस्त दे सकता है तो वह सिर्फ पुरवा विधानसभा की जनता है। उन्होंने कहा कि जनता के साथ उनका रिश्ता वोट तक सीमित नहीं है।

अनिल सिंह ने विरोध और बदतमीजी के बीच अंतर बताते हुए कहा कि किसी का विरोध करना गलत नहीं है। यहां तक कि वोट न देने वाले व्यक्ति को भी वह अपना विरोधी नहीं मानते। उनके मुताबिक, लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी पसंद से वोट देने का अधिकार है।

‘वोट मांगने आए हैं, कटोरा थोड़े ही छीन लोगे’

विधायक ने अपने भाषण में स्थानीय बोली का इस्तेमाल करते हुए कहा कि उनका काम जनता के पास जाना और प्यार से वोट मांगना है। उन्होंने कहा, ‘हम वोट मांगने निकले हैं। देव तो देव, नहीं तो का कटोरवा छीन लोगे।’उनके इस बयान और खास अंदाज का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग उनके भाषण की चर्चा कर रहे हैं।

पुरवा विधानसभा सीट से अनिल सिंह दूसरी बार विधायक हैं। उन्होंने अपना पहला विधानसभा चुनाव बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर जीता था। इसके बाद बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़कर दूसरी बार विधानसभा पहुंचे। अपने देसी अंदाज और बेबाक भाषणों के चलते वह अक्सर स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बने रहते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button