उत्तर प्रदेश

Bhadohi : पुराने विवाद के शक में हुई थी धीरज शुक्ला की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार; एएसपी ने किया खुलासा

9 जुलाई को तालाब में मिला था शव, पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल बल्ली और अन्य साक्ष्य किए बरामद

Lucknow Desk : सुरियावा थाना क्षेत्र में तालाब में मिले धीरज शुक्ला के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, पुराने विवाद के शक में धीरज शुक्ला की हत्या की गई थी। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने पुलिस लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी।

जानकारी के मुताबिक, सुरियावा थाना क्षेत्र के सदौपुर गांव निवासी धीरज शुक्ला 8 जुलाई को घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। अगले दिन 9 जुलाई को उनका शव दानुपुर पूरब पट्टी स्थित डोलहरिया तालाब में बरामद हुआ।

मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर घटना में शामिल आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। पुलिस ने मामले में सभाजीत बिंद और सुरेंद्र बिंद निवासी दानुपुर पूरब पट्टी को गिरफ्तार कर लिया।

पुराने विवाद के शक में की गई हत्या

अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की वजह पुराने विवाद का शक बताया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सुरेंद्र बिंद के पिता के नाम बेलवरिया तालाब का पट्टा है, जिसमें वह लोग मछली पालन करते हैं और तालाब की देखरेख करते हैं। सुरेंद्र के साथ उसका मित्र सभाजीत बिंद भी अक्सर रहता था।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि 8 जुलाई की शाम तालाब के किनारे दो लोग बैठकर शराब पी रहे थे। दोनों को देखकर उन्हें शक हुआ कि यही लोग कुछ महीने पहले तालाब में जहर डालने की घटना में शामिल थे, जिससे करीब 7 से 8 कुंतल मछलियां मर गई थीं।

इसी शक के आधार पर दोनों आरोपी उन व्यक्तियों के पास पहुंचे और उन्हें वहां से जाने के लिए कहने लगे। इसी दौरान धीरज शुक्ला से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद सभाजीत बिंद ने तालाब के पास बनी मड़ई के पास रखी पुरानी बल्ली का टुकड़ा उठाकर धीरज शुक्ला के सिर पर कई बार वार कर दिया।

पुलिस के अनुसार, सिर में चोट लगने से धीरज जमीन पर गिर गए और उनके सिर से खून निकलने लगा। वहीं, दूसरे व्यक्ति को सुरेंद्र बिंद ने थप्पड़ मारकर वहां से भगा दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने धीरज के सिर से निकल रहे खून को उनकी टी-शर्ट से साफ किया।

शव तालाब में फेंकने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को लगा कि धीरज की मौत हो चुकी है। पकड़े जाने के डर से दोनों ने मिलकर शव को तालाब में फेंक दिया। घटना में इस्तेमाल की गई बल्ली को उन्होंने ट्यूबवेल के पास फेंक दिया था।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बल्ली का टुकड़ा और खून लगी शर्ट बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एएसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए घटना का सफल अनावरण किया है। उन्होंने कहा कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button