उत्तर प्रदेश

अयोध्या में होगा अब तक का सबसे भव्य दीपोत्सव, महापौर बोले- अगले वर्ष इससे भी भव्य होगा आयोजन

Ayodhya to host its grandest-ever Deepotsav

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में सात नवंबर को आयोजित होने वाले दसवें दीपोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। राम की पैड़ी से लेकर सरयू तट और रामकथा पार्क तक भव्य आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। इस बीच अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि इस वर्ष का दीपोत्सव अब तक का सबसे भव्य दीपोत्सव होने जा रहा है। अयोध्या का दीपोत्सव हर वर्ष नए आयाम स्थापित कर रहा है और आने वाले वर्षों में इसकी भव्यता लगातार बढ़ती रहेगी।

महापौर ने कहा कि इस वर्ष राम की पैड़ी पर 30 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित करने की तैयारी है। दीपों को सजाने के लिए 35 हजार से अधिक स्वयंसेवकों को लगाया गया है। स्वयंसेवकों ने दिन-रात मेहनत करके घाटों पर निर्धारित स्थानों पर दीप सजा दिए हैं। अब दीपों की गिनती की जाएगी। इसके बाद सात नवंबर की सुबह से दीपों में तेल और बाती डालने का काम शुरू होगा।

दीपोत्सव का मुख्य आयोजन रामकथा पार्क में होगा, जहां भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सरयू तट पर महाआरती होगी। राम की पैड़ी सहित सरयू के घाट लाखों दीपों की रोशनी से जगमगाएंगे। आयोजन को आकर्षक बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रकाश एवं ध्वनि प्रदर्शन और ड्रोन प्रदर्शन की तैयारियां भी की जा रही हैं। राम पहाड़ी पर विशिष्ट अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

इस वर्ष दीपोत्सव में देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विभिन्न देशों के राजदूत और अन्य विशिष्ट अतिथि भी आयोजन के साक्षी बनेंगे। दीपोत्सव को देश-विदेश तक पहुंचाने के लिए प्रचार-प्रसार की तैयारियां भी तेज हैं। इसी क्रम में एलाइन मीडिया एलएलपी भी दीपोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार में जुटी हुई है। संस्था विभिन्न प्रचार माध्यमों के जरिए दीपोत्सव की तैयारियों, रामनगरी की सांस्कृतिक विरासत और इस भव्य आयोजन की विशेषताओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभा रही है।

महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि अयोध्या का दीपोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि रामनगरी की सांस्कृतिक पहचान और विश्व स्तर पर उसकी प्रतिष्ठा का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ही होंगे और अगला दीपोत्सव भी उन्हीं के नेतृत्व में आयोजित होगा। उन्होंने दावा किया कि अगला दीपोत्सव इस वर्ष से भी अधिक भव्य होगा।

यह भी पढ़े :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button