बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कल वाराणसी में, कई अहम कार्यक्रमों में होंगे शामिल
बाबा विश्वनाथ के दर्शन से दिन की शुरुआत, पार्टी पदाधिकारियों और पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ करेंगे अहम बैठकें

Lucknow Desk : कल भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तर प्रदेश के वाराणसी जाएंगे। उनका कल का दिन काफी व्यस्त रहेंगे। अपने वाराणसी दौरे के दौरान वह धार्मिक कार्यक्रम के साथ-साथ पार्टी के संगठनात्मक कामकाज और युवाओं से संवाद पर भी ध्यान देंगे। उनके दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह है।
कार्यक्रम के अनुसार नितिन नवीन सुबह करीब 8 बजे बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेंगे। यहां वह बाबा विश्वनाथ के दर्शन और विधि-विधान से पूजन करेंगे। इसके बाद सुबह 10 बजे गांधी अध्ययन पीठ में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वह युवाओं से सीधे बातचीत करेंगे और उनके विचारों को सुनेंगे।
युवा संवाद के बाद नितिन नवीन गोकुल धाम रिसॉर्ट पहुंचेंगे, जहां पार्टी की कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकें प्रस्तावित हैं। सबसे पहले तीन कार्यकाल पूरा कर चुके जिलाध्यक्षों, क्षेत्रीय अध्यक्षों और काशी क्षेत्र के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। इसमें संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।
दोपहर में पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ भी अहम बैठक आयोजित होगी। इसके बाद जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, क्षेत्रीय पदाधिकारियों और प्रदेश पदाधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक होगी। नितिन नवीन इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे और संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, वाराणसी प्रवास के दौरान संगठन को और मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा पर विशेष जोर रहेगा।



