Sultanpur : नहर में मिला महिला और नवजात का शव, 6 सितंबर से लापता थी मनीषा
पति के साथ आधार कार्ड बनवाने निकली थी महिला, समोसा लेने के दौरान हुई लापता,पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

Lucknow Desk : सुल्तानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र के नरसिंहपुर गांव में बुधवार सुबह शारदा सहायक नहर में एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव से कुछ दूरी पर नहर में एक नवजात बच्चे का शव भी मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को नहर से बाहर निकलवाया।
पुलिस ने शव की पहचान बल्दीराय थाना क्षेत्र के बिही निदूरा गांव की रहने वाली 24 वर्षीय मनीषा पत्नी अखिलेश के रूप में की है। बताया जा रहा है कि मनीषा 25 जनवरी 2026 को अपने पति अखिलेश के साथ घर से चली गई थी। उस समय वह करीब आठ महीने की गर्भवती थी।
पुलिस के मुताबिक, बीती 6 सितंबर को मनीषा अपने पति के साथ आधार कार्ड बनवाने के लिए घर से निकली थी। रास्ते में उसने अपने पति से समोसा लाने के लिए कहा। पति जब समोसा लेने गया, तभी मनीषा वहां से चली गई। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर पति ने उसकी तलाश शुरू की।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मनीषा को नहर की ओर जाते हुए देखा गया था। इसके बाद अखिलेश ने डायल 112 और बल्दीराय पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन मनीषा का कोई पता नहीं चला। बाद में पति की ओर से थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
बुधवार सुबह नहर में शव मिलने के बाद पुलिस ने पहचान कराई तो वह मनीषा का निकला। पुलिस के अनुसार, काफी समय तक पानी में रहने के कारण शव की हालत खराब हो गई थी। इसी दौरान गर्भ में पल रहा नवजात भी शरीर से अलग होकर नहर में बह गया और कुछ दूरी पर उसका शव मिला।
मनीषा के पिता जगजीवन गांव में मजदूरी करते हैं। परिवार में उनकी पत्नी राजकुमारी और पांच बच्चे हैं। मनीषा की दो बहनें और दो भाई हैं। उसके भाई दिल्ली-गुड़गांव में मजदूरी करते हैं।
परिजनों ने फिलहाल मामले में किसी तरह की कार्रवाई की इच्छा नहीं जताई है। वहीं, सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला और नवजात की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



