अभिषेक बनर्जी के कालीघाट आवास पर चला बुलडोजर, फुटपाथ से हटाया गया अस्थायी ढांचा
Bulldozer deployed at Abhishek Banerjee’s Kalighat residence

पश्चिम बंगाल। तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित कालीघाट आवास के बाहर गुरुवार सुबह अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। कोलकाता नगर निगम (KMC) के कर्मचारियों ने फुटपाथ पर बने बांस के अस्थायी ढांचे को बुलडोजर की मदद से हटाया।
नगर निगम के मुताबिक, ढांचा फुटपाथ पर होने के कारण वहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानी हो रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। ढांचा हटाने के बाद कर्मचारी बांस भी अपने साथ ले गए।
बता दें कि तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के बाहर फुटपाथ पर बनाया गया अस्थायी शेड बुधवार रात हटा दिया गया। बताया जा रहा है कि यह शेड पुलिसकर्मियों के बैठने के लिए लगाया गया था। सूत्रों के मुताबिक, संभावित बुलडोजर कार्रवाई को ध्यान में रखते हुए इसे हटाया गया।
फेसबुक वीडियो में रेकी का आरोप
अभिषेक बनर्जी ने फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट कर आरोप लगाया कि कोलकाता पुलिस के अधिकारी सरकारी वाहनों में उनके घर के आसपास रेकी कर रहे हैं और गैरकानूनी तरीके से उनकी निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने पोस्ट में आशंका जताई कि उन पर दोबारा हमला करने की योजना बनाई जा रही है।
ममता बनर्जी ने जताया विरोध
अभिषेक बनर्जी के घर पर हाल में हुए हमले के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था, “आपके पास कितने बुलडोजर हैं? मैं आपके सामने खड़ी हूं। मेरे शरीर और सीने पर बुलडोजर चला दीजिए।”
डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी पहले भी दावा कर चुके हैं कि उनके घर पर हमले से पहले लगातार दो दिन रेकी की गई थी। उन्होंने कहा था कि अगर एक निर्वाचित सांसद के साथ ऐसा हो सकता है, तो राज्य के आम नागरिकों की सुरक्षा पर भी सवाल उठते हैं।
पुलिस की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
इस मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात थे। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में नगर निगम की टीम ने सांसद के आवास के सामने बने ढांचे को गिराकर हटाया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई फुटपाथ को राहगीरों के लिए खाली कराने के उद्देश्य से की गई।
यह भी पढ़े : ‘PDA में A का मतलब अन्नदाता भी’, राकेश टिकैत से मिले अखिलेश यादव, कहा- ‘जो पीड़ित, वो पीडीए’



