उत्तर प्रदेश

Mirzapur : विंध्याचल में गरजा बुलडोजर, कॉरिडोर की राह से हटा अतिक्रमण

बरतर तिराहा पर प्रस्तावित भव्य प्रवेश द्वार की तैयारी तेज, प्रशासन ने कब्जाधारियों को दी चार दिन की मोहलत

Lucknow Desk : विंध्याचल धाम में प्रस्तावित विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। विंध्याचल थाना क्षेत्र के बरतर तिराहा स्थित केशरवानी धर्मशाला के बाहर कॉरिडोर के लिए अधिग्रहित जमीन को बुलडोजर की मदद से खाली कराया गया। नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह के नेतृत्व में प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर वहां बने निर्माण को हटाया और जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया।

बताया गया कि कॉरिडोर निर्माण के लिए संबंधित जमीन शासन की ओर से काफी समय पहले ही खरीदी जा चुकी थी। अब विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए जमीन को पूरी तरह खाली कराया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि जमीन खाली होने के बाद यहां प्रस्तावित निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने में आसानी होगी।

बरतर तिराहा पर प्रशासन की ओर से एक भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाने की योजना है। प्रवेश द्वार के निर्माण से विंध्याचल धाम के सौंदर्यीकरण को नया रूप मिलने की उम्मीद है। साथ ही यहां आने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह ने बताया कि विंध्याचल में विकास कार्यों के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग की जमीन पर भी कुछ लोगों द्वारा कब्जा किए जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे कब्जाधारियों को जमीन खाली करने के लिए चार दिन का समय दिया गया है।

प्रशासन ने साफ किया है कि तय समय के भीतर कब्जा नहीं हटाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और जमीन को खाली कराया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद विंध्याचल कॉरिडोर से जुड़े विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। अधिकारियों का कहना है कि धाम के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जरूरी कदम लगातार उठाए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button