छठ महापर्व: आज अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रती, सीएम योगी भी होंगे शामिल
Chhath Mahaparv Devotees will offer arghya to setting sun today CM Yogi

लखनऊ। लोक आस्था का महापर्व छठ रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के साथ श्रद्धा और भक्ति से मनाया जाएगा। चार दिवसीय अनुष्ठान के तीसरे दिन व्रती महिलाएं शाम को गोमती नदी, तालाबों और अस्थायी घाटों पर जल में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देंगी। इसके साथ वे परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और आरोग्य की कामना करेंगी। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण होगा। गोमती तट स्थित लक्ष्मण मेला मैदान में अखिल भारतीय भोजपुरी समाज पिछले 43 वर्षों से छठ महापर्व का आयोजन कर रहा है।
लक्ष्मण मेला घाट पर मुख्यमंत्री देंगे अर्घ्य
अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने बताया कि रविवार शाम चार बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लक्ष्मण मेला मैदान के छठ घाट पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में होने वाले कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत कई मंत्री और विधायक भी शामिल होंगे।
लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी सहित करीब 100 कलाकार छठ गीत प्रस्तुत करेंगे। घाट पर मुख्य आयोजन रविवार दोपहर दो बजे से सोमवार सुबह आठ बजे तक चलेगा।
खरना के बाद शुरू हुआ 36 घंटे का निर्जला व्रत
छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को व्रतियों ने दिनभर पारंपरिक प्रसाद तैयार किया और पूजन सामग्री की साफ-सफाई कर तैयारियां पूरी कीं। दिनभर उपवास रखने के बाद उन्होंने शाम को गुड़ और चावल से बनी खीर का प्रसाद ग्रहण कर खरना का विधान पूरा किया। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हुआ।
कानपुर रोड स्थित एलडीए कॉलोनी की सुनीता राय ने बताया कि मिट्टी के चूल्हे पर पारंपरिक प्रसाद तैयार किया गया। गुड़ और चावल की खीर का सेवन करने के बाद व्रत शुरू हुआ, जो सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पूरा होगा।
मानस नगर की काजल सिंह ने बताया कि परिवार और आसपास के लोगों को प्रसाद बांटने के बाद ही व्रत का पारण किया जाता है। व्रती महिलाएं पारंपरिक गीत गाते हुए घाट तक जाती हैं। परिवार के पुरुष सदस्य पूजन सामग्री से भरी टोकरी सिर पर रखकर घाट तक ले जाते हैं। रंजना सिंह के अनुसार, कुछ बुजुर्ग महिलाएं स्वयं व्रत नहीं कर पातीं तो अपनी बहू को व्रत सौंपती हैं। इस परंपरा का विधान भी घाट पर किया जाता है। कई श्रद्धालु रातभर घाट पर रुकते हैं और सुबह अर्घ्य देकर घर लौटते हैं।
घाटों और मोहल्लों में पूजा की तैयारियां
झूलेलाल वाटिका, मनकामेश्वर मंदिर उपवन और खदरा स्थित शिव मंदिर घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। महानगर स्थित 35वीं वाहिनी पीएसी के तालाब, कुड़ियाघाट, पक्का पुल, सांझिया घाट और आलमबाग की छोटी-बड़ी नहरों के आसपास भी पूजा होगी।
कई मोहल्लों में परिवार और समितियां सामूहिक रूप से वेदियां सजाकर सूर्यदेव की आराधना करेंगी। कृष्णा नगर के सहसों वीर मंदिर, मानस नगर के संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर और कानपुर रोड एलडीए कॉलोनी के शनि मंदिर परिसर में भी पूजन होगा। गोमती नगर समेत अन्य इलाकों में भी आयोजन होंगे। इकाना स्टेडियम के पास गोमती घाट पर मिथिला समाज की ओर से छठ पूजा की जाएगी।
बाजारों में पूजन सामग्री की खरीदारी
छठ पूजा को लेकर अमीनाबाद, चौक, आलमबाग, निशातगंज और इंदिरानगर के भूतनाथ बाजार में खरीदारों की भीड़ रही। लोगों ने पूजन सामग्री, फल और बांस से बने सूप-दउरे खरीदे। बाजारों में नारियल, गन्ना, केला, सेब, संतरा, सिंघाड़ा, शकरकंद, हल्दी और अदरक समेत मौसमी फल उपलब्ध रहे। श्रद्धालुओं ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार खरीदारी की। बांस के सूप-दउरे और मिट्टी के दीपकों की भी खूब मांग रही।
यह भी पढ़े : अब हर पार्टी को लेना होगा फॉर्म-17C, वोटों की गिनती पर सवाल खड़े होने पर चुनाव आयोग सख्त



