सीएम योगी बोले- सपा ने शिक्षा को कलंकित किया तो कांग्रेस ने किसानों का पैसा खाया
CM YOGI ATTACKED ON SAMAJWADI PARTY AND CONGRESS

लखनऊ। देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 का आगाज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समाजवादी पार्टी के बीच तीखी बयानबाजी के जरिए सीधा टकराव देखने को मिल रहा है। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर सियासी हमला बोलते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी मगरमच्छ की तरह उपदेश दे रही है कि उसने अब शिकार करना बंद कर दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “समाजवादी पार्टी अगर यह उपदेश दे कि उसकी सरकार आने पर अमन-चैन आएगा, शांति मिलेगी, सुरक्षा होगी, तो यह वैसे ही है, जैसे कोई मगरमच्छ तट पर आकर उपदेश दे रहा है कि अब मैंने शिकार करना बंद कर दिया है।”
सपा के लोग शिक्षा को कलंकित करने वाले हैं- सीएम योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के पतन होने का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि सपा के लोग नौका पार कराने वाले नहीं हैं बल्कि डुबाने वाले लोग हैं। सीएम योगी ने शिक्षकों को राष्ट्र की समृद्धि का आधार बताते हुए कहा कि सपा शिक्षा की नौका को डुबाने वाली हैं। शिक्षकों का अपमान करने वाली हैं। सपा के लोग शिक्षा जगत को पूरी तरह कलंकित करने वाले हैं। इन लोगों पर बिल्कुल भी विश्वास नहीं करना है।
सीएम योगी ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। किसानों की मुद्दों पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में 100 रुपये चलता था और जमीन पर घिसते-घिसते 15 रुपये का हो जाता था। सीएम योगी ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी यही कहते थे कि ये सब कांग्रेसी और समाजवादी बिचौलिये बनकर खा जाते थे।
सीएम योगी ने वर्तमान सरकार के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार में जब प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री किसानों को पैसा देते हैं तो सीधे उनके खाते में जाता है, इसमें बिचौलिए सेंधमारी नहीं कर सकते हैं।



