दिवाली से पहले CM योगी ने पुलिसकर्मियों को दिया तोहफा, बाइक के ₹1000 और सिम के लिए ₹2500 मिलेंगे
CM Yogi Diwali gift to police will receive ₹1000 for bike ₹2500 for SIM card

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस स्मृति दिवस पर उत्तर प्रदेश पुलिसकर्मियों के लिए तीन भत्तों में बढ़ोतरी की घोषणा की। लखनऊ पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने फील्ड ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षकों और निरीक्षकों के मोटरसाइकिल भत्ते, पीपीएस अधिकारियों के वर्दी भत्ते तथा मुख्य आरक्षियों और आरक्षियों के मोबाइल सिम भत्ते में इजाफे का ऐलान किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं और प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा नागरिकों की सुरक्षा में उनकी अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की सुविधाओं और कल्याण का ध्यान रखना सरकार की प्राथमिकता है।
किसे कितना मिलेगा?
- मोटरसाइकिल भत्ता: फील्ड ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षकों और निरीक्षकों को अब 700 रुपये के बजाय 1,000 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे।
- वर्दी भत्ता: पीपीएस अधिकारियों का भत्ता 6,400 रुपये से बढ़ाकर 15,000 रुपये किया जाएगा।
- मोबाइल सिम भत्ता: मुख्य आरक्षियों और आरक्षियों को अब 2,000 रुपये के बजाय 2,500 रुपये मिलेंगे।
कानून-व्यवस्था पर विपक्ष को घेरा
कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस दौर में अपराधियों के खुलेआम घूमने और हथियारों का प्रदर्शन करने जैसी घटनाएं होती थीं तथा उनके खिलाफ कार्रवाई में पुलिस को दबाव का सामना करना पड़ता था।
सीएम योगी ने दावा किया कि मौजूदा सरकार में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और कानून से ऊपर कोई नहीं है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से निष्पक्षता के साथ अपने दायित्व निभाने की अपील की।
शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि
पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री ने कर्तव्य निभाते हुए प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि जवानों के बलिदान का कर्ज कभी नहीं चुकाया जा सकता। त्योहारों और विशेष अवसरों पर भी पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में जुटे रहते हैं, ताकि आम लोग सुरक्षित रह सकें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिसकर्मियों के समर्पण और जिम्मेदारियों को याद करते हुए उनके योगदान तथा शहीद जवानों के परिवारों के सम्मान को महत्वपूर्ण बताया।



