PM मोदी से मिले CM योगी, BJP अध्यक्ष नितिन नवीन से भी की मुलाकात
नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से करीब एक घंटे हुई मुलाकात, इसके बाद भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मिले सीएम योगी, 2027 चुनाव की तैयारियों को लेकर बढ़ी सियासी हलचल

Lucknow Desk : शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। मुख्यमंत्री का यह दिल्ली दौरा ऐसे समय हुआ है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे तेज हो रही हैं। ऐसे में इन मुलाकातों को काफी अहम माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, मेरठ में कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद होते हुए दिल्ली पहुंचे। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत होने की बात सामने आई है। हालांकि, मुलाकात में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन को सुशासन के लिए प्रेरणादायक बताया और मुलाकात के लिए उनका आभार जताया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात की। मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ उनकी बैठकों को उत्तर प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
दरअसल, प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 में होने हैं। चुनाव में अभी समय है, लेकिन राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है। ऐसे में मुख्यमंत्री की प्रधानमंत्री और भाजपा अध्यक्ष के साथ बैठक को पार्टी की आगामी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पिछले दिनों उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र भी चर्चा में रहा था। विपक्ष ने विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार पर हमला बोला था और सदन की कार्यवाही को लेकर भी राजनीतिक टकराव देखने को मिला था। इसके अलावा राम मंदिर से जुड़े दान में चोरी का मामला भी राजनीतिक बहस का हिस्सा बना हुआ है। विपक्ष की ओर से इस मुद्दे को लेकर सरकार पर सवाल उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शनिवार का दिल्ली दौरा मेरठ में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा करने के बाद हुआ। मेरठ के कार्यक्रम के बाद वह दिल्ली पहुंचे और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की। इन बैठकों के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में प्रदेश में भाजपा की राजनीतिक और चुनावी गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। पार्टी संगठन और सरकार के स्तर पर आगे की रणनीति को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी विपक्ष के हमलों का जवाब देते हुए सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच रखने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
फिलहाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुलाकात को लेकर किसी विस्तृत राजनीतिक एजेंडे की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले हुई इस बैठक ने यूपी की सियासत में नई चर्चाओं को जरूर जन्म दे दिया है।



