उत्तर प्रदेश

बाराबंकी पहुंचे सीएम योगी, बोले- लोधेश्वर महादेव धाम को मिलेगा भव्य स्वरूप

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सरकार लोधेश्वर महादेव धाम को भव्य धार्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए कॉरिडोर का निर्माण करा रही है।

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी दौरे के दौरान लोधेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान लोधेश्वर महादेव के दर्शन कर उन्हें अंतःकरण से आनंद की अनुभूति हुई है। उन्होंने कहा कि बाराबंकी भगवान लोधेश्वर महादेव की कृपा से धन्य है और आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन करने आते हैं।

सीएम योगी ने कहा कि इतने महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल होने के बावजूद लंबे समय तक इस मंदिर की अनदेखी की गई। मंदिर की स्थिति अच्छी नहीं थी और इसके विकास के लिए पहले किसी ने गंभीर प्रयास नहीं किए। उन्होंने कहा कि देश 1947 में आजाद हो गया था, लेकिन आजादी का लाभ लोधेश्वर महादेव मंदिर तक नहीं पहुंच पाया।

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद कब्रिस्तानों की बाउंड्री वॉल के लिए तो पैसा दिया गया, लेकिन लोधेश्वर महादेव मंदिर के विकास के लिए कोई धनराशि नहीं दी गई। उन्होंने यह भी कहा कि हॉकी के महान खिलाड़ी केडी सिंह बाबू की ऐतिहासिक हवेली के संरक्षण के लिए भी पर्याप्त धन नहीं मिला। वहीं, महाभारत काल से जुड़े माने जाने वाले पारिजात वृक्ष के संरक्षण की भी अनदेखी की गई।

सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में लोधेश्वर महादेव मंदिर के भव्य कॉरिडोर के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। उन्होंने बताया कि यह कॉरिडोर काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर बनाया जा रहा है। इसके बनने से मंदिर परिसर का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोधेश्वर महादेव धाम केवल आस्था का केंद्र नहीं है, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। सरकार इसे एक बड़े धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित कर रही है। इससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, पर्यटन बढ़ेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को भी सहेजने का काम कर रही है। लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर बनने के बाद यह धाम देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button