28 MLC सीटों में कांग्रेस ने जीती सिर्फ एक सीट, जानिए कहां खुला खाता?
Congress won only one out of 28 MLC seats

MLC Election Result 2026 : देश के चार राज्यों- उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र में विधान परिषद की 28 सीटों के लिए हुए चुनावों की मतगणना के दौरान अलग-अलग राज्यों में कई चौंकाने वाले नतीजे सामने आए। शुरुआती दावों के विपरीत, महाराष्ट्र की नागपुर स्नातक सीट पर जीत के साथ कांग्रेस ने भी खाता खोला। वहीं कर्नाटक में भाजपा-जद(एस) गठबंधन ने चारों सीटें जीत लीं। उत्तर प्रदेश में भाजपा और समाजवादी पार्टी (सपा), जबकि बिहार में राजद, जन सुराज और निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी सीटें हासिल कीं।
इन चुनावों में स्नातक और शिक्षक मतदाता ही मतदान के पात्र होते हैं। मतदान मतपत्रों के जरिए कराया गया था। उत्तर प्रदेश में पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों, बिहार में चार-चार, कर्नाटक में दो-दो तथा महाराष्ट्र में तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान हुआ था।
उत्तर प्रदेश: भाजपा ने छह, सपा ने तीन सीटें जीतीं
उत्तर प्रदेश की 11 सीटों में से नौ के परिणाम घोषित होने तक भाजपा ने छह और सपा ने तीन सीटें जीती थीं। वाराणसी और लखनऊ समेत कुछ सीटों पर मतगणना जारी होने की सूचना थी।
घोषित नतीजों के अनुसार, भाजपा के दिनेश कुमार गोयल ने मेरठ स्नातक सीट और डॉ. मानवेन्द्र प्रताप सिंह ने आगरा स्नातक सीट पर जीत दर्ज की। इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट से सपा के डॉ. मान सिंह यादव विजयी घोषित हुए।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा के उमेश द्विवेदी ने लखनऊ, श्रीचंद शर्मा ने मेरठ और डॉ. हरि सिंह ने बरेली-मुरादाबाद सीट जीती। सपा के लाल बिहारी यादव ने वाराणसी शिक्षक सीट और डॉ. आकाश अग्रवाल ने आगरा शिक्षक सीट पर जीत हासिल की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सपा की जीत ने खास ध्यान खींचा। वाराणसी शिक्षक सीट पर लाल बिहारी यादव विजयी रहे।
बिहार: पटना शिक्षक सीट पर राजद की जीत
बिहार की आठ सीटों के नतीजों में पटना शिक्षक सीट पर बड़ा उलटफेर देखने को मिला। करीब तीन दशकों से इस सीट पर काबिज भाजपा नेता नवल किशोर यादव को राजद के डॉ. संजीव सिंह ने हराया।
जन सुराज पार्टी ने भी चुनाव में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। पार्टी के डॉ. सुरेश राय ने दरभंगा शिक्षक सीट जीतकर खाता खोला। बिहार की अन्य सीटों पर राजद और निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी जीत दर्ज की।
कर्नाटक: भाजपा-जद(एस) गठबंधन ने जीतीं चारों सीटें
कर्नाटक में कांग्रेस चारों सीटें हार गई। भाजपा ने तीन सीटें बरकरार रखीं, जबकि उसकी सहयोगी जनता दल (सेक्युलर) ने बेंगलुरु शिक्षक सीट कांग्रेस से छीन ली।
भाजपा ने उत्तर-पूर्व शिक्षक, दक्षिण-पूर्व स्नातक और पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में जीत दर्ज की। ये नतीजे राज्य सरकार की स्थिरता को प्रभावित नहीं करते, लेकिन भाजपा-जद(एस) गठबंधन के लिए राजनीतिक तौर पर अहम माने जा रहे हैं।
महाराष्ट्र: नागपुर स्नातक सीट पर कांग्रेस की जीत
महाराष्ट्र में कांग्रेस उम्मीदवार ने नागपुर स्नातक सीट जीतकर पार्टी का खाता खोला। राज्य में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन पांच में से दो सीटें जीत सका, जबकि महा विकास आघाडी (एमवीए) ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की।



