उत्तर प्रदेश

शहजाद भट्टी नेटवर्क पर शिकंजा, UAPA के तहत कार्रवाई की तैयारी

पुलिस ने गृह मंत्रालय से की नेटवर्क के सदस्यों को आतंकी घोषित करने की मांग

Lucknow Desk : प्रदेश पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े गैंगस्टर शहजाद भट्टी और उसके नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस ने इस कथित राष्ट्रविरोधी नेटवर्क पर रोक लगाने के लिए गृह मंत्रालय को पत्र भेजकर इसके प्रमुख सदस्यों को विधि विरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1967 यानी UAPA के तहत आतंकी घोषित करने का आग्रह किया है। यह पत्र बीते माह भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, शहजाद भट्टी का नेटवर्क पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के निर्देश पर भारत के अलग-अलग राज्यों में सक्रिय होने की कोशिश कर रहा है। आरोप है कि नेटवर्क सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भारतीय युवाओं को अपने संपर्क में ला रहा है। इसके बाद उन्हें पैसे और काम का लालच देकर कट्टरपंथ की ओर ले जाने की कोशिश की जाती है।

पुलिस की ओर से तैयार की गई जानकारी में आबिद जट्ट, हम्माद मेमन, जावेद पाकिस्तानी, रजा भाई पाकिस्तानी, अजमल गुर्जर पाकिस्तानी, राशिद भट्टी, राणा हुनैन, मेजर इकबाल, मेजर हमीद और मेजर अनवर जैसे नाम नेटवर्क से जुड़े सक्रिय सदस्यों के तौर पर बताए गए हैं।

जांच एजेंसियों का आरोप है कि यह नेटवर्क युवाओं को हिंसक गतिविधियों के लिए उकसाता है। इसमें एक्स-मुस्लिमों, हिंदू धार्मिक नेताओं, राजनेताओं और पुलिसकर्मियों को धमकी देने या उन पर हमला करने के लिए प्रेरित करने के आरोप शामिल हैं। इसके अलावा भाजपा और आरएसएस के कार्यालयों, पुलिस स्टेशनों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों को निशाना बनाने के लिए बम, ग्रेनेड और पेट्रोल बम जैसे हथियारों के इस्तेमाल के लिए उकसाने की बात भी सामने आई है।

पुलिस का मानना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को जोड़ना इस नेटवर्क की गतिविधियों का अहम हिस्सा है। ऐसे में ऑनलाइन गतिविधियों की निगरानी और संदिग्ध संपर्कों की जांच को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अब गृह मंत्रालय के स्तर पर पुलिस की ओर से भेजे गए प्रस्ताव पर फैसला होना है। यदि केंद्र सरकार उपलब्ध जांच और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई को मंजूरी देती है, तो UAPA के तहत नेटवर्क से जुड़े लोगों पर आगे कानूनी कार्रवाई का रास्ता साफ हो सकता है।

फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े लोगों, उनके संपर्कों और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का उद्देश्य ऐसे नेटवर्क को समय रहते रोकना और युवाओं को इनके प्रभाव में आने से बचाना बताया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button