राहुल गांधी पर बरसे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, बोले: छात्रों के मुद्दे पर कांग्रेस कर रही वोट की राजनीति
बृजेश पाठक ने प्रेस वार्ता कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह भी मौजूद रहे।

Lucknow Desk : भाजपा कार्यालय में मंगलवार को उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने प्रेस वार्ता कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह भी मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने सारी मर्यादाओं को तार-तार कर दिया है। वह छात्रों के मुद्दों को लेकर भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं और उनका मकसद संवाद करना नहीं, बल्कि अराजकता फैलाना है।
बृजेश पाठक ने कहा कि राहुल गांधी ने पहले नीट के मुद्दे पर संसद में चर्चा की मांग की थी। जब इस विषय पर चर्चा हुई और कानून भी बनाया गया, तो राहुल गांधी ने अपना मुद्दा बदल दिया। उन्होंने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि वह चर्चा से भागें नहीं। गृह मंत्री हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हैं, लेकिन कांग्रेस संसद को चलने नहीं दे रही है।
उप मुख्यमंत्री ने जंतर-मंतर पर हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी बार-बार इस घटना को दोहरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद सोशल मीडिया के माध्यम से जेन-जी से बात की और उनकी बात सुनी। सरकार छात्रों की समस्याओं को लेकर गंभीर है और उनके साथ खड़ी है।
बृजेश पाठक ने कांग्रेस पर छात्रों के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों की समस्याओं के नाम पर वोटों की फसल काटना चाहती है, लेकिन उसका यह सपना कभी पूरा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पूरी भाजपा और पार्टी का संगठन छात्रों के साथ खड़ा है और आगे भी खड़ा रहेगा।
झारखंड की घटना पर राहुल गांधी से सवाल
उप मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के कथित दोहरे रवैये पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक जगह छात्रों के प्रदर्शन की बात करते हैं, लेकिन झारखंड के रांची में छात्रों के साथ हुई घटना पर कुछ नहीं बोलते। उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी झारखंड में छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर वहां की सरकार से इस्तीफा क्यों नहीं मांगते?
बृजेश पाठक ने कहा कि रांची में जो कुछ हुआ, उसने मानवता को शर्मसार किया। उनके मुताबिक वहां छात्रों के प्रदर्शन के दौरान आंसू गैस के गोले छोड़े गए, वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया और लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने कहा कि छात्रों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन की ताकत दिखाई, जबकि उनके रास्ते में बैरिकेडिंग की गई और उन्हें रोकने के लिए पानी की धार का इस्तेमाल किया गया।
उन्होंने राहुल गांधी से कहा कि अगर वह छात्रों की आवाज उठाना चाहते हैं तो झारखंड के छात्रों की आवाज भी सुनें। उन्होंने राहुल गांधी से अपने कथित दोहरे रवैये के लिए छात्रों से माफी मांगने की मांग की।
उप मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वह झूठ और अराजकता के नए पोस्टर बॉय बन गए हैं। उन्होंने राहुल गांधी को सीधी चुनौती दी कि चर्चा से बचें नहीं और हर मुद्दे पर खुलकर बात करें।
तिरंगा यात्रा को लेकर उठ रहे सवालों पर भी बृजेश पाठक ने कहा कि तिरंगा यात्रा देश के प्रति श्रद्धांजलि है। विपक्ष को इस पर सवाल नहीं उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के साथ है और उनके हितों के लिए लगातार काम करती रहेगी।



