कुंडा की कथा में धीरेंद्र शास्त्री का बड़ा बयान, बोले- हमारी नजर में यादव और माधव एक हैं
श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए कारसेवा की अपील, बोले- रामलला की तरह श्यामलला भी भव्य मंदिर में विराजमान हों

Lucknow Desk: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उनकी नजर में यादव और माधव अलग नहीं हैं, बल्कि दोनों एक हैं। कथा के मंच से दिए गए इस बयान पर श्रद्धालुओं ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।
तीन दिवसीय श्रीराम कथा के पहले दिन धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि कुंडा की इस व्यासपीठ और उत्तर प्रदेश की धरती से वह कहना चाहते हैं कि उनकी नजर में यादव और माधव दो नहीं हैं। सभी हिंदू एक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह जल्द ही भगवान श्रीकृष्ण की नगरी वृंदावन जाएंगे। वहां ठाकुर जी से प्रार्थना करेंगे कि जिन लोगों को उनकी बातों से दुख पहुंचा है, उन्हें सद्बुद्धि दें।
मथुरा जन्मभूमि के लिए की कारसेवा की अपील
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने संबोधन में मथुरा की श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि जन्मभूमि पर लगे औरंगजेब के कलंक को मिटाने का समय आ गया है। इसके लिए उन्होंने कथा में मौजूद लोगों से मथुरा चलने की अपील की।
उन्होंने कहा कि रामलला अपने धाम में विराजमान हो चुके हैं। अब उनकी इच्छा है कि भगवान श्रीकृष्ण भी भव्य मंदिर में विराजमान हों। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि लोग उन्हें चाहे जितनी गालियां दें या उनके पुतले जलाएं, लेकिन मथुरा चलने के उनके आह्वान का साथ दें।
उन्होंने अपने वृंदावन पदयात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य भी यही था कि ठाकुर जी भव्य मंदिर में विराजमान हों। जैसे अयोध्या में रामलला विराजमान हुए हैं, वैसे ही मथुरा में श्यामलला भी अपने भव्य मंदिर में विराजमान हों।



