लखनऊ से पकड़े गए डिजिटल अरेस्ट गिरोह के तीन आरोपी
पुलिस के मुताबिक, ठगों ने रिटायर्ड कर्मचारी को फोन कर बताया कि उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल करके जम्मू-कश्मीर में एक बैंक खाता खोला गया है।

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश में साइबर ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें ठगों ने एक बुजुर्ग को गिरफ्तारी का डर दिखाकर उनकी जिंदगी भर की कमाई हड़प ली। आरोपियों ने खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर 66 वर्षीय रक्षा मंत्रालय के रिटायर्ड कर्मचारी को डिजिटल अरेस्ट के जाल में फंसाया। कई दिनों तक मानसिक दबाव बनाने के बाद उनसे अलग-अलग बैंक खातों में 2 करोड़ 2 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। मामले की जांच करते हुए दिल्ली पुलिस की IFSO टीम ने लखनऊ से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आधार कार्ड के नाम पर शुरू हुआ ठगी का खेल
पुलिस के मुताबिक, ठगों ने रिटायर्ड कर्मचारी को फोन कर बताया कि उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल करके जम्मू-कश्मीर में एक बैंक खाता खोला गया है। इस खाते से करीब 70 लाख रुपये का संदिग्ध लेनदेन होने की बात कही गई। इसके बाद आरोपियों ने खुद को जांच अधिकारी बताया और पीड़ित को गिरफ्तारी के साथ कानूनी कार्रवाई की धमकी देने लगे।
लगातार फोन कॉल करके उन्हें डराया गया। आरोपियों ने इस तरह दबाव बनाया कि पीड़ित उनकी बातों में आ गए। इसके बाद उनके बताए अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई गई। इस तरह कुल 2.02 करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई।
बैंक खातों से खुला लखनऊ तक का रास्ता
ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। मामला दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) यूनिट को सौंपा गया। जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों और पैसों के लेनदेन की जानकारी जुटाई। इसी के आधार पर टीम लखनऊ पहुंची और तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद इमरान खान (37), राम किशोर (28) और रुपेंद्र प्रताप सिंह (25) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि इमरान एक कंपनी का निदेशक है और उसके खाते में ठगी के 17 लाख रुपये पहुंचे थे। राम किशोर पर ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने का आरोप है, जबकि रुपेंद्र पैसों के ट्रांसफर और कमीशन बांटने का काम करता था।
क्रिप्टोकरेंसी से बांटते थे ठगी की रकम
पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी ठगी से मिली रकम को क्रिप्टोकरेंसी यानी USDT के माध्यम से आपस में बांटते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन, आठ डेबिट कार्ड और एक चेकबुक बरामद की है।
यह मामला 15 जनवरी को दिल्ली के स्पेशल सेल थाने में दर्ज किया गया था। अब पुलिस गिरोह से जुड़े दूसरे लोगों की तलाश कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि ठगी की बाकी रकम कहां भेजी गई और इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं।



