उत्तर प्रदेश

Kasganj : लहरा घाट पर कांवड़ यात्रा तैयारियों का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच बैरिकेडिंग, गोताखोर, फ्लड यूनिट, वॉच टावर, पार्किंग, पेयजल और महिलाओं के लिए अस्थायी शौचालय सहित सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश

Lucknow Desk : आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने शुक्रवार को सोरों क्षेत्र स्थित लहरा घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अधिकारियों ने संबंधित विभागों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाट पर गहरे पानी वाले स्थानों का विशेष रूप से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाए तथा स्पष्ट रूप से खतरे के संकेतक लगाए जाएं, ताकि श्रद्धालु अनजाने में जोखिम वाले क्षेत्रों में प्रवेश न कर सकें। इसके साथ ही उन्होंने नाव, प्रशिक्षित गोताखोर, पुलिस बल और आपदा राहत टीम को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों ने लहरा घाट तक पहुंचने वाले मार्ग का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्ग पूरी तरह समतल बनाया जाए और रास्ते में मौजूद कंकड़-पत्थर, गड्ढों अथवा अन्य बाधाओं को तत्काल हटाया जाए, जिससे कांवड़ यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और आवश्यक संकेतक उपलब्ध रहें। निरीक्षण के दौरान गंगा तट पर अस्थायी दुकानें लगाने वाले दुकानदारों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी दुकानें गंगा तट से सुरक्षित दूरी पर लगाई जाएं, जिससे भीड़ नियंत्रण में आसानी हो और नदी के बढ़ते जलस्तर की स्थिति में किसी प्रकार का खतरा उत्पन्न न हो। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने फ्लड यूनिट, वॉच टावर, रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग, पार्किंग, फूड सेफ्टी, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, पेयजल, चेंजिंग रूम तथा महिलाओं के लिए अस्थायी शौचालय जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने और संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button