उत्तर प्रदेश

घबराइए मत, हर समस्या का समाधान कराया जाएगा : सीएम योगी

जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों की सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश

Lucknow Desk : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान करीब 200 लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने लोगों से एक-एक कर बातचीत की और उनकी शिकायतों को ध्यान से सुना। इस दौरान उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा, ‘घबराइए मत, आपकी समस्या का समाधान जरूर कराया जाएगा।’

जनता दर्शन का आयोजन गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने किया गया था। यहां अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों को कुर्सियों पर बैठाया गया था। मुख्यमंत्री खुद उनके पास पहुंचे और एक-एक व्यक्ति से उसकी परेशानी के बारे में जानकारी ली। उन्होंने लोगों से पूछा कि वे कहां से आए हैं और उनकी क्या समस्या है।

मुख्यमंत्री ने लोगों से मिले प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए सभी मामलों के जल्द समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर पीड़ित व्यक्ति की समस्या पर संवेदनशीलता के साथ ध्यान दिया जाए। शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और संतोषजनक तरीके से होना चाहिए।

जनता दर्शन में कुछ लोगों ने जमीन पर कब्जे से जुड़ी शिकायतें भी मुख्यमंत्री के सामने रखीं। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।

गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद का भरोसा

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने ऐसे लोगों को भरोसा दिलाया कि इलाज के लिए पैसे की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल से इलाज का एस्टीमेट जल्द तैयार कराकर शासन को भेजने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरतमंद मरीजों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से इस प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने को कहा, ताकि मरीजों को समय पर मदद मिल सके।

गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में सीएम योगी ने की गोसेवा

गोरखनाथ मंदिर में प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुबह की दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने सबसे पहले शिवावतार गुरु गोरखनाथ का दर्शन और पूजन किया। इसके बाद अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के सामने पहुंचकर श्रद्धा से शीश नवाया।

पूजन के बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर के भ्रमण पर निकले और गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गोवंश की सेवा की और उन्हें अपने हाथों से गुड़ खिलाया। मुख्यमंत्री ने गोवंश को दुलारते हुए कुछ समय गोशाला में बिताया।

जनता दर्शन और मंदिर की दिनचर्या के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान के साथ-साथ अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ काम करने का संदेश दिया

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button