Shahjahanpur : भूत-प्रेत का डर, झाड़-फूंक का बहाना… ऐसे महिलाओं को लूटता था टप्पेबाजों का गिरोह
शाहजहांपुर पुलिस ने तीन शातिर आरोपियों को दबोचा, लाखों के जेवर, नकदी, एक्सयूवी और बाइक बरामद।

Lucknow Desk : शाहजहांपुर पुलिस ने एक ऐसे अंतर्जनपदीय टप्पेबाज गिरोह का खुलासा किया है, जो घर में अकेली महिलाओं को अपना निशाना बनाता था। यह गिरोह महिलाओं को भूत-प्रेत और बुरी आत्माओं का डर दिखाकर झाड़-फूंक के बहाने बेहोश कर देता था। इसके बाद घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो जाता था।
पुलिस ने इस गिरोह के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर, 80 हजार रुपये नकद, एक एक्सयूवी कार और एक बाइक बरामद की गई है। गिरोह में शामिल एक महिला अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हाल ही में थाना रोजा क्षेत्र में रहने वाली गीता देवी इस गिरोह का शिकार बनी थीं। आरोपियों ने पहले उनके घर में प्रेत आत्मा होने की बात कही। इसके बाद एक महिला को साथ लेकर उनके घर पहुंचे और झाड़-फूंक करने का नाटक शुरू कर दिया।
झाड़-फूंक के दौरान आरोपियों ने कोई पाउडर छिड़का, जिससे महिला बेहोश हो गई। महिला के बेहोश होते ही आरोपी घर में रखे करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि इस गिरोह के कुछ सदस्य फिर से किसी नए घर को निशाना बनाने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रायबरेली जिले के रहने वाले कलीम, इसराईल और आरिफ के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के जेवर, 80 हजार रुपये नकद, एक एक्सयूवी कार और एक बाइक बरामद की है।
पूछताछ में आरोपियों ने कई जिलों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस गिरोह ने किन-किन जिलों में लोगों को अपना शिकार बनाया और कितनी वारदातों को अंजाम दिया।
पुलिस का कहना है कि गिरोह में शामिल फरार महिला की तलाश जारी है। उसके पकड़े जाने के बाद इस पूरे नेटवर्क के बारे में और जानकारी मिल सकती है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति की बातों में न आएं। अगर कोई व्यक्ति भूत-प्रेत, झाड़-फूंक या तंत्र-मंत्र के नाम पर घर में आने की कोशिश करे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। थोड़ी सी सावधानी ऐसे गिरोहों से बचा सकती है।



